CMRL-एक्सालॉजिक केस: केरल के पूर्व CM की बेटी वीणा विजयन से ED कर सकती है पूछताछ, हवाला लेनदेन का शक
केरल के सीएमआरएल-एक्सालॉजिक वित्तीय लेनदेन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसमें अब हवाला डीलिंग का संदेह भी जताया जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट…
केरल के सीएमआरएल-एक्सालॉजिक वित्तीय लेनदेन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसमें अब हवाला डीलिंग का संदेह भी जताया जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले में जांच की आंच अब पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की बेटी वीणा विजयन तक पहुंच सकती है और एजेंसी उन्हें अगले हफ्ते पूछताछ के लिए नया नोटिस जारी कर सकती है।
यह मामला शुरू में वीणा विजयन की कंपनी को हर महीने किए जाने वाले भुगतान से जुड़ा था, लेकिन अब यह एक बड़े वित्तीय नेटवर्क की गंभीर जांच में तब्दील हो गया है। ईडी को वीणा की जांच के दौरान कुछ हाथ से लिखे रिकॉर्ड मिले हैं, जिनसे अहम जानकारी मिलने की बात कही जा रही है। एजेंसी ने कथित तौर पर लगभग 20 करोड़ रुपये के लेनदेन का पता लगाया है और यह जांच कर रही है कि यह पैसा कहां और कैसे ट्रांसफर किया गया।
जांच का दायरा वीणा विजयन से आगे बढ़ा
इस मामले ने सीपीआई(एम) के लिए राजनीतिक मुश्किलें खड़ी कर दी हैं, क्योंकि जांच अब सिर्फ वीणा तक सीमित नहीं रही है। जांच का रुख उनके पति और सीपीआई(एम) विधायक पी.ए. मोहम्मद रियास के करीबियों की ओर मुड़ता दिख रहा है। इसी सिलसिले में ईडी ने हाल ही में कोझिकोड और उसके आसपास नौ जगहों पर छापेमारी की थी। इस कार्रवाई में छह लोगों को निशाना बनाया गया, जिनमें कोझिकोड पार्टी संगठन के दो वरिष्ठ सीपीआई(एम) सदस्य भी शामिल थे, जिससे पार्टी के भीतर हलचल मच गई है।
सूत्रों के मुताबिक, जांचकर्ता बातचीत और वित्तीय लेनदेन के तार जोड़ने के लिए इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड की भी पड़ताल कर रहे हैं। इसके अलावा, दो अन्य कंपनियों से जुड़े वित्तीय लेनदेन भी ईडी की जांच के दायरे में हैं। पार्टी नेतृत्व इस बात को लेकर बेचैन है कि यह जांच रियास से होते हुए अंततः पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन तक भी पहुंच सकती है। इस बीच, हालिया छापेमारी पर पार्टी की ओर से मजबूत प्रतिक्रिया न आने पर चिंता जताते हुए सीपीआई(एम) ने रविवार को कोझिकोड में एक बड़ा राजनीतिक सम्मेलन भी बुलाया है।
इनपुट: IANS



