पश्चिम बंगाल: चम्पाहाटी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 5 लोग घायल, दो की हालत नाज़ुक
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में एक अवैध पटाखा बनाने वाली इकाई में हुए विस्फोट से सनसनी फैल गई। चम्पाहाटी में गुरुवार को हुए इस धमाके में पाँच लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत बेहद गंभीर…
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में एक अवैध पटाखा बनाने वाली इकाई में हुए विस्फोट से सनसनी फैल गई। चम्पाहाटी में गुरुवार को हुए इस धमाके में पाँच लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, घायलों को पहले बारुईपुर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के एक अस्पताल में भेज दिया गया है।
गंभीर रूप से घायल लोगों की पहचान 52 वर्षीय पद्मरानी नस्कर और अब्बास गाज़ी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि धमाका एक घर के अंदर हुआ, जहाँ पटाखे बनाने का काम चल रहा था। जोरदार आवाज़ सुनकर आसपास के लोग फौरन मौके पर पहुँचे और बचाव कार्य में जुट गए।
मछली कारोबार की आड़ में अवैध धंधा?
इस घटना के बाद अवैध रूप से पटाखे बनाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों के एक वर्ग ने दावा किया है कि बापी नास्कर नामक एक व्यक्ति ने मछली व्यवसाय की आड़ में यह फैक्ट्री चला रखी थी। आरोप है कि उसने इलाके से कुछ दूर जंगल में एक घर बनाया था, जहाँ गैर-कानूनी तरीके से पटाखे बनाए जा रहे थे। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि यह विस्फोट पटाखे बनाते समय ही हुआ।
पुलिस ने शुरू की जाँच
विस्फोट की सूचना मिलते ही बारुईपुर पुलिस जिले से भारी पुलिस बल मौके पर पहुँच गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आतिश बिस्वास के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस इस बात की जाँच कर रही है कि उस घर में किस तरह की सामग्री रखी गई थी और क्या वहाँ पटाखे बनाने के लिए कोई विस्फोटक या ज्वलनशील पदार्थ जमा किए गए थे। विस्फोट के असल कारणों का पता लगाने के लिए जाँच जारी है।
इनपुट: IANS



