दिल्ली: विवादों में रहा 'शीश महल' अब आम जनता के लिए खुलेगा, मंत्री प्रवेश वर्मा ने की घोषणा
दिल्ली का चर्चित ‘शीश महल’ अब आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने मंगलवार को यह ऐलान करते हुए कहा कि अगले सप्ताह से जनता इस परिसर में जा सकेगी। उन्होंने यह भी बताया…
दिल्ली का चर्चित ‘शीश महल’ अब आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने मंगलवार को यह ऐलान करते हुए कहा कि अगले सप्ताह से जनता इस परिसर में जा सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने पहले इसे स्टेट गेस्ट हाउस बनाने का फैसला लिया था, लेकिन अब जनता और मीडिया की मांग को देखते हुए इसे खोलने का निर्णय लिया गया है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रवेश वर्मा ने टिकट बुकिंग और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जल्द जानकारी देने का वादा किया। उन्होंने कहा, “कई सालों से दिल्ली की जनता शीश महल को देखना चाहती थी। मैं दिल्लीवासियों को ये खुशखबरी देना चाहता हूं।” वर्मा ने बताया कि सरकार का इरादा सबसे पहले मीडिया को इसका दौरा कराने का है।
केजरीवाल पर आरोप और महल की भव्यता
मंत्री प्रवेश वर्मा ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने कई बंगलों को तुड़वाकर यह शीश महल बनवाया है, जबकि कभी उन्होंने बंगला और गाड़ी न लेने की बात कही थी। उन्होंने कहा, “पहले उसने कई बंगलों और सर्वेंट क्वार्टरों को तोड़ा, गैराज को तोड़ा, और फिर उसके बाद शीश महल बनवाया।”
वर्मा ने महल की भव्यता का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इसके अंदर किसी को जाने की इजाजत नहीं थी। उन्होंने दावा किया, “उसके अंदर करोड़ों रुपये के पर्दे लगे हुए हैं और वियतनाम का मार्बल लगाया गया है।” उन्होंने यह भी कहा कि अब जनता खुद जाकर “भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण” देख सकेगी।
इनपुट: IANS



