जबलपुर: दिवाली से ठीक पहले झुग्गी बस्ती में भीषण आग, 50 से ज़्यादा परिवार हुए बेघर
मध्य प्रदेश के जबलपुर में शनिवार तड़के एक झुग्गी बस्ती में भीषण आग लगने से 50 से ज़्यादा कच्चे घर जलकर खाक हो गए, जिससे कई गरीब परिवार त्योहार से ठीक पहले बेघर हो गए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट…
मध्य प्रदेश के जबलपुर में शनिवार तड़के एक झुग्गी बस्ती में भीषण आग लगने से 50 से ज़्यादा कच्चे घर जलकर खाक हो गए, जिससे कई गरीब परिवार त्योहार से ठीक पहले बेघर हो गए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है, लेकिन लोगों का सारा घरेलू सामान आग की भेंट चढ़ गया।
यह आग जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र में स्थित लेमा गार्डन के पास गाजी नगर की झुग्गियों में रात करीब 2 बजे लगी। देखते ही देखते आग की लपटों ने तेजी से आसपास के कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक उनका घरेलू सामान, अनाज, कपड़े और अन्य जरूरी चीजें जलकर नष्ट हो चुकी थीं।
रात 2 बजे शुरू हुआ बचाव अभियान
पुलिस नियंत्रण कक्ष को आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और बिजली विभाग की टीमों ने मिलकर एक संयुक्त आपातकालीन अभियान चलाया। दमकल अधिकारी ओम प्रकाश अहिरवार ने बताया, "रात 2 बजे सूचना मिली कि गाजी नगर की झुग्गियों में आग लग गई है। हमने तुरंत दमकल गाड़ियां और पानी के टैंकर भेजे और बचाव कार्य शुरू किया।" मौके पर करीब 8 से 9 दमकल गाड़ियां भेजी गईं और एहतियात के तौर पर एंबुलेंस भी तैनात रहीं।
नुकसान का आकलन बाद में होगा
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) अखिलेश गौर के अनुसार, आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। उन्होंने बताया कि शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस बस्ती में 40 से 50 परिवार रहते थे। आग बुझाने का काम पूरा होने के बाद ही नुकसान का सटीक आकलन हो सकेगा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आने के बाद नुकसान का मूल्यांकन किए जाने की उम्मीद है।
इनपुट: IANS



