पाकिस्तानी सूखे खजूर की बड़ी खेप कांडला बंदरगाह पर जब्त, दुबई के रास्ते भारत लाने की कोशिश
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने कांडला बंदरगाह पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सूखे खजूर से भरे 13 कंटेनरों को जब्त किया है। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट…
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने कांडला बंदरगाह पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सूखे खजूर से भरे 13 कंटेनरों को जब्त किया है। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, 364 मीट्रिक टन वजन वाली इस खेप की कीमत लगभग 3 करोड़ रुपए आंकी गई है। इसे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से आया बताया गया था, लेकिन जांच में इसका मूल देश पाकिस्तान निकला।
भारत ने पाकिस्तान से आने वाले माल पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। जांचकर्ताओं के अनुसार, आयातक इसी प्रतिबंध से बचने के लिए माल के मूल देश की जानकारी छिपा रहे थे। इन लोगों ने पहले खजूर को पाकिस्तान से दुबई भेजा। वहां इसे दूसरे कंटेनरों में भरा गया और फिर भारत के लिए निर्यात कर दिया गया, ताकि यह यूएई का माल लगे।
प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी का पैटर्न
डीआरआई ने इस पूरी खेप को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत जब्त कर लिया है। यह हाल के दिनों में इस तरह की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। पिछले हफ्ते ही, एजेंसी के अधिकारियों ने तूतीकोरिन बंदरगाह पर एक और प्रयास को विफल किया था। तब लगभग 1.4 करोड़ रुपए मूल्य का 14 मीट्रिक टन पाकिस्तानी गुग्गुल राल पकड़ा गया था।
गुग्गुल राल के मामले में भी यही तरीका अपनाया गया था। उसे सोमालिया से आया हुआ प्राकृतिक राल बताकर दुबई के रास्ते भारत भेजा गया था। जांच में पता चला कि जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल करके पाकिस्तान से आए गुग्गुल को दूसरे देश का माल बताया गया था। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था। गौरतलब है कि गुग्गुल राल (कॉमिफोरा राल) भारत और पाकिस्तान के शुष्क क्षेत्रों में पाया जाता है और इसे IUCN की रेड लिस्ट में 'अत्यंत संकटग्रस्त' के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।
इनपुट: IANS



