दिल्ली: वज़ीराबाद जल आपूर्ति परियोजना को मिली हरी झंडी, 2574 करोड़ की योजना से बदलेगी पानी की तस्वीर
दिल्ली की एक महत्वपूर्ण जल आपूर्ति सुधार परियोजना ने एक बड़ी बाधा पार कर ली है। केंद्र सरकार के आर्थिक मामलों के विभाग (DEA) की स्क्रीनिंग कमेटी ने 2,574 करोड़ रुपये की वज़ीराबाद जल परियोजना को अपनी…
दिल्ली की एक महत्वपूर्ण जल आपूर्ति सुधार परियोजना ने एक बड़ी बाधा पार कर ली है। केंद्र सरकार के आर्थिक मामलों के विभाग (DEA) की स्क्रीनिंग कमेटी ने 2,574 करोड़ रुपये की वज़ीराबाद जल परियोजना को अपनी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह परियोजना एशियाई विकास बैंक (ADB) द्वारा समर्थित है और इसका उद्देश्य उत्तरी दिल्ली में पानी के नेटवर्क को आधुनिक बनाना है।
दिल्ली के सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बताया कि इस परियोजना की परिकल्पना पहली बार 2013 में की गई थी, लेकिन यह कई वर्षों तक केवल योजना के स्तर पर ही अटकी रही। अब केंद्र की मंजूरी के साथ, यह कार्यान्वयन की दिशा में आगे बढ़ रही है।
क्या बदलेगा इस परियोजना से?
इस वृहद योजना के तहत जल आपूर्ति से जुड़ी पूरी श्रृंखला पर काम किया जाएगा। इसमें ट्रीटमेंट प्लांट, ट्रांसमिशन नेटवर्क, वितरण लाइनों से लेकर घरों तक के कनेक्शन शामिल हैं। मंत्री के मुताबिक, पुरानी, क्षतिग्रस्त और छोटी पाइपलाइनों को बदला जाएगा। इसके अलावा, जरूरत के हिसाब से नई ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन लाइनें भी बिछाई जाएंगी।
परियोजना के अंतर्गत वज़ीराबाद जल शोधन संयंत्र, भूमिगत जलाशयों और पंपिंग के बुनियादी ढांचे का भी उन्नयन किया जाएगा। साथ ही, मौजूदा नेटवर्क को आपस में जोड़कर पानी के दबाव, वितरण और विश्वसनीयता में सुधार लाया जाएगा।
"हर नल तक मजबूत ढाँचा"
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने इस कदम को दिल्ली के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, "दिल्ली के लोगों के लिए पानी रोजमर्रा की जरूरत है। हमारी जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना है कि हर नल के पीछे का बुनियादी ढांचा मजबूत, आधुनिक और विश्वसनीय हो। वज़ीराबाद परियोजना उस दिशा में एक बड़ा कदम है।"
उन्होंने आगे कहा, "हम केवल आज के लिए योजना नहीं बना रहे हैं। हम एक ऐसी जल प्रणाली बना रहे हैं जो दशकों तक दिल्ली की सेवा कर सकेगी।" इस योजना में घरेलू सेवा कनेक्शनों को सुधारने और नियमित करने का भी प्रावधान है। जिन इलाकों में औपचारिक जल कनेक्शन नहीं हैं, उन्हें भी तकनीकी रूप से संभव होने पर नियोजित नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।
इनपुट: IANS



