अमेरिकी विश्वविद्यालयों में चीनी फंडिंग पर सवाल, सीनेटर ने राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरे की चेतावनी दी
अमेरिका के एक वरिष्ठ रिपब्लिकन सीनेटर ने देश के विश्वविद्यालयों और चीन के बीच वित्तीय संबंधों की गहरी जांच की मांग उठाई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि चीन की प्रतिबंधित संस्थाओं से मिलने वाला पैसा…
अमेरिका के एक वरिष्ठ रिपब्लिकन सीनेटर ने देश के विश्वविद्यालयों और चीन के बीच वित्तीय संबंधों की गहरी जांच की मांग उठाई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि चीन की प्रतिबंधित संस्थाओं से मिलने वाला पैसा अमेरिकी नवाचार (innovation) और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, अर्कांसस के सीनेटर टॉम कॉटन ने इस मुद्दे पर शिक्षा सचिव लिंडा मैकमोहन को एक पत्र लिखा है।
सोमवार को भेजे गए इस पत्र में सीनेटर कॉटन ने चिंता व्यक्त की है कि मौजूदा नियमों की खामियों का फायदा उठाकर लाखों डॉलर का लेनदेन छिपाया जा रहा है। उन्होंने लिखा, "मैं अमेरिकी विश्वविद्यालयों में प्रतिबंधित चीनी संस्थाओं के निवेश को लेकर चिंता जाहिर करने के लिए यह पत्र लिख रहा हूं। ये निवेश चीन को अपने हितों को आगे बढ़ाने का मौका देते हैं, जबकि अमेरिकी इनोवेशन और हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा को कमजोर करते हैं।"
आंकड़ों से चिंता बढ़ी
अपनी बात को पुख्ता करने के लिए सीनेटर ने अमेरिकी शिक्षा विभाग द्वारा 2 जनवरी को शुरू किए गए एक ऑनलाइन पोर्टल के आंकड़ों का हवाला दिया। इस पोर्टल के मुताबिक, 31 जनवरी तक संघीय फंड पाने वाले विश्वविद्यालयों को चीन से 6.8 अरब डॉलर से ज़्यादा की रकम मिली थी।
इन आंकड़ों में यह भी सामने आया कि इस कुल रकम में से 300 मिलियन डॉलर से अधिक उन संस्थाओं से आए थे, जिन पर अमेरिका ने प्रतिबंध लगा रखा है। कॉटन ने विशेष रूप से हार्वर्ड यूनिवर्सिटी का उल्लेख किया, जिसे चीनी संस्थाओं से 630 मिलियन डॉलर से अधिक प्राप्त हुए। पत्र के अनुसार, इसमें "विदेशी टैलेंट प्रोग्राम में शामिल संगठनों से मिली लगभग 418,000 डॉलर की रकम और अनधिकृत सैन्य तरक्की में मदद करने वाली संस्थाओं से मिली लगभग 420,000 डॉलर की रकम शामिल है।"
नियमों में बदलाव की मांग
कॉटन ने पारदर्शिता बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग के प्रयासों की सराहना की, लेकिन मौजूदा रिपोर्टिंग नियमों पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि संघीय फंड पाने वाले विश्वविद्यालयों के लिए एक साल में किसी एक विदेशी स्रोत से 250,000 डॉलर से कम के लेनदेन का खुलासा करना अनिवार्य नहीं है।
सीनेटर ने लिखा, "मुझे चिंता है कि प्रतिबंध वाली चीनी संस्थाओं के साथ लाखों डॉलर के अतिरिक्त लेन-देन की शायद रिपोर्ट नहीं दी गई होगी। इसलिए, मैं अमेरिकी विश्वविद्यालयों और कम्युनिस्ट चीन के बीच वित्तीय संबंधों की और ज़्यादा जांच-पड़ताल करने का सुझाव देता हूं।" हालांकि, पत्र में हार्वर्ड या किसी अन्य संस्थान पर कानून तोड़ने का सीधा आरोप नहीं लगाया गया है। यह मांग वाशिंगटन में विश्वविद्यालयों को मिलने वाली विदेशी फंडिंग, खासकर चीन से आने वाले धन पर बढ़ती जांच का हिस्सा है।
इनपुट: IANS



