कोलंबिया में भूकंप की विनाशलीला: 273 लोगों की मौत, 377 अब भी लापता, हज़ारों घायल
कोलंबिया में सोमवार को आए विनाशकारी भूकंप के बाद तबाही का मंज़र सामने आ रहा है, जिसमें मरने वालों की संख्या बढ़कर 273 हो गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, 7.4 तीव्रता के इस भूकंप ने देश…
कोलंबिया में सोमवार को आए विनाशकारी भूकंप के बाद तबाही का मंज़र सामने आ रहा है, जिसमें मरने वालों की संख्या बढ़कर 273 हो गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, 7.4 तीव्रता के इस भूकंप ने देश के बड़े हिस्से में भारी नुकसान पहुँचाया है, जहाँ 377 लोग अब भी लापता हैं और बचाव कार्य जारी है।
आपदा जोखिम प्रबंधन की राष्ट्रीय इकाई के निदेशक डेविड तमायो ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इस त्रासदी में 3,824 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने आंकड़ों का ब्योरा देते हुए कहा, "हमारे पास 40,753 प्रभावित परिवारों, 97,515 प्रभावित लोगों और 273 मौतों की रिपोर्ट है।" तमायो ने आगे बताया कि 273 मृतकों में से 250 शव चिकित्सा विभाग में लाए जा चुके हैं, जिनमें से 227 की पहचान कर ली गई है और 189 को उनके परिवारों को सौंप दिया गया है।
बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे को नुकसान
भूकंप ने कोलंबिया के बुनियादी ढांचे को बुरी तरह प्रभावित किया है। डेविड तमायो के मुताबिक, 12,584 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं, जबकि 74,873 घरों को नुकसान पहुँचा है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि 172 इमारतें ढह गईं। इसके अलावा, 2,198 स्कूल और शैक्षणिक संस्थान, 825 सामुदायिक केंद्र, 216 स्वास्थ्य केंद्र और पाँच हवाई अड्डे भी इस आपदा से प्रभावित हुए हैं।
अंतरराष्ट्रीय मदद और बचाव कार्य
प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव का काम तेज़ी से चल रहा है। खोज और बचाव दल डॉग स्क्वायड की मदद से मलबे में दबे लापता लोगों को तलाश रहे हैं। वहीं, नुकसान का आकलन करने के लिए सैटेलाइट तकनीक और हाई-रिजॉल्यूशन तस्वीरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस बीच, संयुक्त राष्ट्र कार्यालय (OCHA) और उसके सहयोगी भी सरकार के राहत प्रयासों में मदद कर रहे हैं। OCHA के अनुसार, प्रभावित समुदायों के लिए आपातकालीन आश्रय, भोजन, सुरक्षित पेयजल और स्वास्थ्य सेवाएँ सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। विश्व खाद्य कार्यक्रम भोजन भेज रहा है, जबकि विश्व स्वास्थ्य संगठन अपने गोदामों से चिकित्सा आपूर्ति भेज रहा है।
कोलंबियाई भूवैज्ञानिक सेवा के अनुसार, सोमवार के भूकंप का केंद्र रहे चोको विभाग के सैन जोस डेल पालमार में गुरुवार सुबह 9:42 बजे 4.2 तीव्रता का एक और झटका महसूस किया गया।
इनपुट: IANS



