गोरखपुर को मिलेगी प्रदेश के पहले वानिकी विश्वविद्यालय की सौगात, CM योगी रखेंगे आधारशिला
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में राज्य के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय (Forestry and Horticulture University) की स्थापना होने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को जिले के कैंपियरगंज…
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में राज्य के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय (Forestry and Horticulture University) की स्थापना होने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को जिले के कैंपियरगंज इलाके में इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इस विश्वविद्यालय के बनने के बाद गोरखपुर में कुल पांच विश्वविद्यालय हो जाएँगे, जिनमें दो विशेष क्षेत्रों पर केंद्रित होंगे।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के माध्यम से यह जानकारी साझा की। इस नए विश्वविद्यालय के साथ ही, वह क्षेत्र के विकास से जुड़ी 55 अन्य परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
परियोजना की लागत और विवरण
यह विश्वविद्यालय 123 एकड़ से अधिक भूमि पर स्थापित किया जाएगा और इसके निर्माण पर ₹491 करोड़ से अधिक की लागत आने का अनुमान है। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित और शिलान्यास की जाने वाली अन्य 55 विकास परियोजनाओं की कुल लागत ₹792 करोड़ से अधिक है।
पिछली सरकारों पर निशाना
अपने एक्स पोस्ट में सीएम योगी ने 2017 से पहले की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, "उत्तर प्रदेश में वन संपदा और औद्यानिकी की अपार संभावनाएं होने के बावजूद इन्हें किसानों की आय, युवाओं के रोजगार और प्रदेश के विकास से जोड़ने की न स्पष्ट नीति थी, न दूरदृष्टि।" उन्होंने लिखा कि प्रकृति का संरक्षण सिर्फ पर्यावरण की रक्षा नहीं, बल्कि किसानों की समृद्धि और युवाओं के लिए नए अवसर भी पैदा करता है।
उन्होंने आगे कहा, "पीएम मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने इस उपेक्षित सामर्थ्य को पहचानकर पर्यावरण संरक्षण के साथ शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से समृद्धि का नया मार्ग प्रशस्त किया है।" मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनका संकल्प है कि राज्य की प्राकृतिक संपदा जनता की समृद्धि का आधार बने।
इनपुट: IANS



