बाराबंकी: तेज रफ्तार कार ने डीसीएम में मारी टक्कर, आग का गोला बनी गाड़ी, बाल-बाल बचे पांच लोग
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में बुधवार देर रात एक भयानक सड़क हादसे में पांच लोगों की जान बाल-बाल बच गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, अयोध्या से लखनऊ जा रही एक तेज रफ्तार कार सफदरगंज थाना क्षेत्र में एक…
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में बुधवार देर रात एक भयानक सड़क हादसे में पांच लोगों की जान बाल-बाल बच गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, अयोध्या से लखनऊ जा रही एक तेज रफ्तार कार सफदरगंज थाना क्षेत्र में एक डीसीएम से टकरा गई, जिसके बाद कार में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि कार में सवार सभी पांच लोग समय रहते बाहर निकलने में कामयाब रहे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
यह घटना देर रात करीब एक बजे फतेह राइस मिल के सामने हुई। कार (यूपी 52 डीयू 2237) जब अयोध्या-लखनऊ मार्ग पर थी, तो उसने अपने आगे चल रही डीसीएम (यूपी 45 सीपी 0598) में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ ही देर में उसमें आग लग गई।
आग का गोला बनी कार, मची चीख-पुकार
टक्कर के तुरंत बाद कार में आग लगते ही अंदर बैठे पांचों यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। काफी मशक्कत के बाद सभी किसी तरह दरवाजे खोलकर सुरक्षित बाहर निकल आए। उनके बाहर आते ही कार पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई और धू-धू कर जलने लगी।
आधे घंटे में आग पर काबू, यातायात बाधित
हादसे की सूचना मिलते ही सफदरगंज थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार जलकर पूरी तरह खाक हो चुकी थी। इस घटना के कारण अयोध्या-लखनऊ मार्ग पर लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क पर जली हुई कार के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस ने कार को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।
इनपुट: IANS



