पाकिस्तान: अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश, चीनी नागरिकों समेत 212 गिरफ्तार
पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों ने राजधानी इस्लामाबाद में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन धोखाधड़ी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, शहर के अलग-अलग इलाकों में चल…
पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों ने राजधानी इस्लामाबाद में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन धोखाधड़ी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, शहर के अलग-अलग इलाकों में चल रहे तीन अवैध कॉल सेंटरों पर छापा मारकर 212 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें कई चीनी नागरिक भी शामिल हैं।
यह कार्रवाई पाकिस्तान की राष्ट्रीय साइबर अपराध जांच एजेंसी (NCCIA) ने इस्लामाबाद के E-11 और G-10 सेक्टरों में की। अधिकारियों के मुताबिक, ये कॉल सेंटर साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी को अंजाम देने के लिए चलाए जा रहे थे। गिरफ्तार लोगों में पाकिस्तानी और चीनी, दोनों देशों के नागरिक हैं, हालांकि अधिकारियों ने अभी तक यह खुलासा नहीं किया है कि इनमें चीनी नागरिकों की सटीक संख्या कितनी है।
कैसे करते थे ऑनलाइन ठगी?
जांच में पता चला है कि ये गिरोह लोगों को फंसाने के लिए कई तरह के तरीके अपनाता था। इनमें 'टास्क फ्रॉड' सबसे आम था, जिसमें लोगों को वीडियो लाइक करने या उत्पादों को रेट करने जैसे छोटे कामों के बदले पैसे का लालच दिया जाता था। शुरुआती भुगतान से भरोसा जीतने के बाद, गिरोह पीड़ितों से ज़्यादा मुनाफे का झांसा देकर बड़ी रकम निवेश करवा लेता था। इसके अलावा, ये लोग रोमांस या लव-डेटिंग स्कैम और गूगल के प्रतिनिधि बनकर भी धोखाधड़ी करते थे।
बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद
छापेमारी के दौरान NCCIA ने भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं, जिनमें 383 कंप्यूटर और सीपीयू, 306 मोबाइल फोन, और 299 मॉनिटर व लैपटॉप शामिल हैं। द जेरूसलम पोस्ट ने पाकिस्तान की सरकारी समाचार एजेंसी एपीपी के हवाले से यह जानकारी दी है। गौरतलब है कि पिछले साल जुलाई में भी एजेंसी ने फैसलाबाद में एक फैक्ट्री पर छापा मारकर 149 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें 48 चीनी नागरिक थे। वे लोग बैंकों के इंटरनेट सिस्टम को हैक करने जैसे साइबर अपराधों में शामिल पाए गए थे।
इनपुट: IANS



