बुधवार, 29 जुलाई 2026 · नई दिल्ली
उत्तराखण्ड

उत्तराखंड: भारी बारिश और भूस्खलन के चलते चारधाम यात्रा रोकी गई, बद्रीनाथ-केदारनाथ हाईवे बंद

उत्तराखंड में मानसून की भारी बारिश और जगह-जगह हो रहे भूस्खलन ने चारधाम यात्रा की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने…

उत्तराखंड: भारी बारिश और भूस्खलन के चलते चारधाम यात्रा रोकी गई, बद्रीनाथ-केदारनाथ हाईवे बंद
(फोटो: IANS)

उत्तराखंड में मानसून की भारी बारिश और जगह-जगह हो रहे भूस्खलन ने चारधाम यात्रा की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने मंगलवार को यात्रा स्थगित करने का फैसला लिया, जो बुधवार को भी जारी रहा। राज्य के कई प्रमुख यात्रा मार्ग भूस्खलन के कारण बंद हो गए हैं, जिससे आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।

विज्ञापन

बुधवार को भानेरपानी के पास पहाड़ी से भारी मलबा गिरने के कारण बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। वहीं, केदारनाथ हाईवे भी मुंकटिया क्षेत्र में मलबा और चट्टानें गिरने से बाधित हो गया है। गढ़वाल मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जब तक मौसम सामान्य नहीं होता और बंद मार्गों से मलबा हटाकर उन्हें पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं कर दिया जाता, तब तक चारधाम यात्रा दोबारा शुरू नहीं की जाएगी।

मार्ग खोलने और सुरक्षा के इंतजाम

जिला प्रशासन का कहना है कि बंद सड़कों को खोलने के लिए युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर संपर्क बहाल करने की कोशिशें जारी हैं। रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने मंगलवार को बताया था कि मुंकटिया का इलाका संवेदनशील बना हुआ है और वहां लगातार चट्टानें गिरने का खतरा है। उन्होंने कहा कि प्रभावित हिस्सों से श्रद्धालुओं को प्रशासन की निगरानी में सुरक्षित निकाला जा रहा है।

यात्रा कंट्रोल रूम, सेक्टर अधिकारी, पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें संवेदनशील इलाकों में पूरी तरह सतर्क हैं और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी जा रही है।

यात्रा पर असर और अब तक के आंकड़े

लगातार खराब मौसम और बार-बार हो रहे भूस्खलन का असर चारधाम यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या पर भी पड़ा है। हालांकि, इस सबके बावजूद यात्रा शुरू होने के बाद से 25 जुलाई तक 45 लाख से ज्यादा श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 25 जुलाई तक कुल 45,23,412 श्रद्धालु उत्तराखंड के चारधाम पहुंचे थे। पिछले 24 घंटों में 8,126 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। यात्रा शुरू होने से अब तक सबसे अधिक 15,53,525 श्रद्धालु बद्रीनाथ, 14,14,590 केदारनाथ, 7,09,418 गंगोत्री और 6,49,957 श्रद्धालु यमुनोत्री धाम पहुंचे हैं।

इनपुट: IANS

N

News4Social उत्तराखंड डेस्क

News4Social उत्तराखंड डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से उत्तराखंड से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →