शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
उत्तराखण्ड

उत्तराखंड: दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद में CM धामी की एंट्री, मीका सिंह से फोन पर कहा- 'कलाकारों का सम्मान सर्वोपरि'

उत्तराखंड के एक सरकारी कार्यक्रम में मशहूर गायक दलेर मेहंदी के साथ कथित तौर पर हुई बदसलूकी का मामला अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संज्ञान में आ गया है। इस प्रकरण पर गायक मीका सिंह द्वारा सोशल…

उत्तराखंड: दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद में CM धामी की एंट्री, मीका सिंह से फोन पर कहा- 'कलाकारों का सम्मान सर्वोपरि'
(फोटो: IANS)

उत्तराखंड के एक सरकारी कार्यक्रम में मशहूर गायक दलेर मेहंदी के साथ कथित तौर पर हुई बदसलूकी का मामला अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संज्ञान में आ गया है। इस प्रकरण पर गायक मीका सिंह द्वारा सोशल मीडिया पर नाराजगी जताए जाने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने खुद उनसे फोन पर बात की और भरोसा दिलाया कि 'देवभूमि' में सभी कलाकारों का सम्मान है।

विज्ञापन

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस बातचीत की जानकारी साझा की। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "आज प्रसिद्ध गायक मीका सिंह से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने दलेर मेहंदी से जुड़े विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की गलतफहमी को आपसी संवाद और सौहार्द से दूर किया जाना चाहिए।" मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "देवभूमि उत्तराखंड ‘अतिथि देवो भवः’ की हमारी महान परंपरा का संवाहक है। यहां सभी कलाकारों का सदैव हृदय से स्वागत और सम्मान है।"

क्या है पूरा विवाद?

यह मामला उत्तराखंड में आयोजित एक स्टेज शो से जुड़ा है, जहाँ मंच पर राज्य के एक मंत्री द्वारा गायक दलेर मेहंदी से कथित रूप से रूखेपन से बात करने का आरोप है। इसी घटना पर अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए मीका सिंह ने मुख्यमंत्री को टैग करते हुए एक लंबा पोस्ट लिखा था।

मीका ने लिखा, "सीएम धामी, हम सब आपकी इज्जत करते हैं और उत्तराखंड से बहुत प्यार करते हैं, लेकिन किसी कलाकार के साथ इस तरह का व्यवहार बिल्कुल सही नहीं है।" उन्होंने सवाल उठाया था कि जब स्कूलों में बच्चों को डांटने पर भी सावधानी बरती जाती है, तो एक वरिष्ठ कलाकार को मंच पर बुलाकर इस तरह अपमानित करना कहाँ तक उचित है।

मीका सिंह ने रखा दलेर मेहंदी का पक्ष

अपने पोस्ट में मीका सिंह ने बताया कि दलेर मेहंदी ने अपनी प्रतिबद्धता पूरी करते हुए पूरे डेढ़ घंटे (1 घंटा 30 मिनट) तक प्रस्तुति दी थी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कार्यक्रम के लिए बुक की गईं गायिका सुनंदा शर्मा किसी कारणवश नहीं आ सकी थीं, जिसके बाद भी दलेर मेहंदी ने दर्शकों का मनोरंजन किया। मीका ने लिखा, "कलाकार भी इंसान होते हैं। उनकी भी इज्जत और सम्मान होना चाहिए। अगर कोई शिकायत थी तो उसे सम्मानपूर्वक भी रखा जा सकता था।" उन्होंने मुख्यमंत्री से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि भविष्य में किसी कलाकार के सम्मान को ठेस न पहुंचे।

इनपुट: IANS

N

News4Social उत्तराखंड डेस्क

News4Social उत्तराखंड डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से उत्तराखंड से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →