J&K सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा: 29 नवंबर को एग्जाम, केंद्र पर क्या ले जाएं और क्या नहीं, जानें ज़रूरी नियम
जम्मू-कश्मीर में गृह विभाग के लिए सब-इंस्पेक्टर (SI) पद की भर्ती परीक्षा रविवार, 29 नवंबर को होने जा रही है। जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (JKSSB) ने इस OMR-आधारित लिखित परीक्षा में शामिल होने वाले…
जम्मू-कश्मीर में गृह विभाग के लिए सब-इंस्पेक्टर (SI) पद की भर्ती परीक्षा रविवार, 29 नवंबर को होने जा रही है। जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (JKSSB) ने इस OMR-आधारित लिखित परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर किसी भी असुविधा से बचने के लिए इन नियमों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी गई है।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र का गेट बंद होने के निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही, परीक्षा समाप्त होने से पहले किसी को भी हॉल छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से एक दिन पहले ही अपने सेंटर का पता लगा लें ताकि अंतिम समय में कोई परेशानी न हो।
परीक्षा केंद्र पर पहुंचने और पहचान की प्रक्रिया
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर गेट बंद होने के समय से कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना होगा। ऐसा इसलिए ज़रूरी है ताकि बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट ऑथेंटिकेशन, फेस कैप्चर रिकग्निशन, और सुरक्षा जांच जैसी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो सकें। बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के बाद एडमिट कार्ड पर होलोग्राम लगवाना अनिवार्य है, जिसके बिना परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रवेश के लिए एक वैध एडमिट कार्ड (घोषणा-पत्र के साथ) और एक वैध सरकारी पहचान पत्र साथ रखना ज़रूरी है।
केंद्र के अंदर इन चीज़ों पर है सख्त पाबंदी
परीक्षा में किसी भी तरह की धोखाधड़ी को रोकने के लिए कई वस्तुओं पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है। इनमें मोबाइल फोन, स्मार्ट/डिजिटल घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैमरा, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव जैसे सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं। इसके अलावा, कोई भी मुद्रित या हाथ से लिखी सामग्री, नोट्स, वॉलेट, हैंडबैग, आभूषण या खाने-पीने की चीजें ले जाना भी मना है। अगर किसी उम्मीदवार के पास ऐसी कोई प्रतिबंधित वस्तु पाई जाती है, तो इसे अनुचित साधन (UFM) का उपयोग माना जाएगा और उसकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी।
ड्रेस कोड और अन्य महत्वपूर्ण नियम
बोर्ड के निर्देशों के अनुसार, अभ्यर्थी मोटे तलवे वाले जूते, बड़े धातु के बटन वाले कपड़े या छिपी हुई जेब वाले परिधान पहनकर परीक्षा केंद्र में नहीं आ सकते। हालांकि, धार्मिक महत्व की वस्तुओं पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा, लेकिन उनकी भी तलाशी ली जाएगी। परीक्षा केंद्र पर निजी सामान रखने की कोई व्यवस्था नहीं होगी, इसलिए अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अपने साथ कीमती सामान न लाएं। परीक्षा हॉल में केवल एक पारदर्शी पानी की बोतल, 50ml तक का हैंड सैनिटाइज़र और एक साधारण नीला/काला बॉल पेन ले जाने की अनुमति है।
इन गलतियों से रद्द हो सकती है उम्मीदवारी
JKSSB ने स्पष्ट किया है कि कुछ गतिविधियों को गंभीर कदाचार माना जाएगा, जिससे उम्मीदवारी रद्द हो सकती है और भविष्य की परीक्षाओं से भी प्रतिबंधित किया जा सकता है। इनमें शामिल हैं:
- किसी और की जगह परीक्षा देना।
- परीक्षा के दौरान किसी से मदद लेना, देना या बातचीत करना।
- निरीक्षक (Inviligator) के निर्देशों का पालन न करना।
- अपनी निर्धारित सीट बदलना या बिना अनुमति के हॉल से बाहर जाना।
- सुरक्षा जांच में सहयोग न करना या अपनी पहचान छिपाने की कोशिश करना।
पूरी परीक्षा प्रक्रिया कड़ी सीसीटीवी निगरानी, सिग्नल जैमर और फेशियल रिकग्निशन सिस्टम की मौजूदगी में आयोजित की जाएगी।
इनपुट: IANS



