बीरभूम: तृणमूल नेता भादू शेख हत्याकांड में दो साल से फरार आरोपी मुंबई से गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के बीरभूम में तृणमूल कांग्रेस नेता भादू शेख की हत्या के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक बड़ी गिरफ्तारी की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, सीबीआई ने मुंबई के डोंगरी इलाके से…
पश्चिम बंगाल के बीरभूम में तृणमूल कांग्रेस नेता भादू शेख की हत्या के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक बड़ी गिरफ्तारी की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, सीबीआई ने मुंबई के डोंगरी इलाके से मसाद शेख नाम के एक घोषित अपराधी को शुक्रवार को पकड़ लिया, जो 2022 में FIR दर्ज होने के बाद से ही फरार चल रहा था।
एजेंसी ने बताया कि मानवीय खुफिया जानकारी और तकनीकी इनपुट के आधार पर इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया गया। आरोपी मसाद शेख पर मार्च 2022 में हुई इस हाई-प्रोफाइल हत्या में शामिल होने का आरोप है और उसने जांच में कभी सहयोग नहीं किया था। सीबीआई अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाकर संबंधित अदालत में पेश करेगी।
क्या है भादू शेख हत्याकांड?
यह मामला 21 मार्च, 2022 का है, जब बीरभूम जिले के बोगतुई में तृणमूल कांग्रेस के ग्राम पंचायत नेता भादू शेख की हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद इलाके में हिंसा भड़क गई थी। शुरुआत में रामपुरहाट पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज हुआ, लेकिन बाद में कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 8 अप्रैल, 2022 को इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी थी।
जांच पूरी होने के बाद, सीबीआई ने 2022 और 2023 में मसाद शेख समेत कुल नौ आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र और पूरक आरोप पत्र दाखिल किए थे। यह मुकदमा फिलहाल पुरबा बर्धमान के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में चल रहा है।
एक अन्य मामले में भी सख्ती
इसी बीच, एक अलग मामले में कलकत्ता उच्च न्यायालय ने बीरभूम के एक फरार पत्थर खदान मालिक तुलु मंडल (उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन) की याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया है। मंडल ने अपने खिलाफ जारी 'हुलिया' नोटिस को चुनौती दी थी। तुलु मंडल तब चर्चा में आया, जब इस महीने उसके एक रिश्तेदार के घर से 28 करोड़ रुपये नकद और 15 किलो सोना बरामद हुआ था। रिश्तेदार ने पूछताछ में कबूल किया था कि यह सब तुलु मंडल का है।
इनपुट: IANS



