बेंगलुरु: बच्चों से मारपीट के आरोपों के बाद कैपजेमिनी ने अपना डेकेयर सेंटर बंद किया, 5 के खिलाफ FIR
बेंगलुरु में स्थित आईटी कंपनी कैपजेमिनी ने अपने कैंपस में चल रहे डेकेयर सेंटर को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला किया है। यह कदम वहां बच्चों के साथ गंभीर दुर्व्यवहार के आरोप सामने आने के बाद उठाया गय
बेंगलुरु में स्थित आईटी कंपनी कैपजेमिनी ने अपने कैंपस में चल रहे डेकेयर सेंटर को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला किया है। यह कदम वहां बच्चों के साथ गंभीर दुर्व्यवहार के आरोप सामने आने के बाद उठाया गया है, जिसके चलते पांच महिला केयरगिवर्स के खिलाफ FIR भी दर्ज की गई है।
कंपनी ने अपने एक बयान में कहा, "कैपजेमिनी की सबसे बड़ी प्राथमिकता अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों की सेहत, सुरक्षा और भलाई है।" समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है और मामले की सच्चाई जानने में उनकी हरसंभव मदद कर रही है। एहतियात के तौर पर बेंगलुरु स्थित डेकेयर सुविधा को फिलहाल बंद कर दिया गया है।
क्या हैं आरोप?
यह मामला तब प्रकाश में आया जब व्हाट्सएप पर कुछ वीडियो वायरल हुए, जिनमें कथित तौर पर चाइल्डकेयर सेंटर के अंदर बच्चों से दुर्व्यवहार होता दिख रहा था। ये घटनाएं बेंगलुरु के ब्रुकफील्ड में कैपजेमिनी के एचएएल कैंपस में स्थित डेकेयर सेंटर की बताई जा रही हैं। जिन बच्चों के साथ यह सब हुआ, उनकी उम्र दो से तीन साल के बीच मानी जा रही है।
डिस्ट्रिक्ट चाइल्ड प्रोटेक्शन यूनिट के एक अधिकारी की शिकायत के आधार पर 29 जून को एचएएल पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि देखभाल करने वाली महिलाएं छोटे बच्चों के रोने पर उनके साथ मारपीट करती थीं और उन्हें डराती-धमकाती थीं।
शिकायत में गंभीर आरोप
FIR में कुछ बेहद गंभीर आरोप भी शामिल हैं। इनके अनुसार, कुछ बच्चों के मुंह में टॉयलेट जेट स्प्रे से पानी की बौछार की गई, उन्हें बाथरूम में बंद किया गया और यहां तक कि फ्रंट-लोडिंग वॉशिंग मशीन के अंदर डाल दिया गया। पुलिस इन सभी आरोपों की गहन जांच कर रही है। किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत पांच केयरगिवर्स के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
इनपुट: IANS



