कनाडा: अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश, 140 मिलियन डॉलर की नशीली खेप बरामद
कनाडा के ओंटारियो में सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा पार सक्रिय एक बड़े अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस अभियान में लगभग…
कनाडा के ओंटारियो में सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा पार सक्रिय एक बड़े अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस अभियान में लगभग 140 मिलियन कनाडाई डॉलर (लगभग 890 करोड़ रुपये) मूल्य के अवैध नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं, जिसे वजन के हिसाब से प्रांत की सबसे बड़ी बरामदगी में से एक माना जा रहा है।
इस मामले में अधिकारियों ने कुल 21 लोगों के खिलाफ आरोप दर्ज किए हैं। जांचकर्ताओं का आरोप है कि यह गिरोह व्यावसायिक ट्रकिंग उद्योग का इस्तेमाल कर वैध माल ढुलाई की आड़ में नशीले पदार्थों की तस्करी करता था। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह अपने संपर्कों के जरिए ऐसे ट्रक ड्राइवरों को भर्ती करता था, जो जानबूझकर सीमा पार से नशीले पदार्थों को वैध आपूर्ति श्रृंखला में छिपाकर लाते थे।
'प्रोजेक्ट बे' के तहत बड़ी कार्रवाई
विंडसर पुलिस ने जनवरी 2025 में इस मामले की जांच शुरू की थी, जिसे 'प्रोजेक्ट बे' नाम दिया गया। अगले ही महीने इसमें कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी भी शामिल हो गई। जांच का दायरा बढ़ने पर ओंटारियो प्रांतीय पुलिस ने भी सहयोग किया। पुलिस और सीमा सुरक्षा एजेंसी द्वारा जारी संयुक्त बयान में बताया गया कि इस ऑपरेशन के तहत करीब 973 किलोग्राम संदिग्ध कोकीन, 660 किलोग्राम संदिग्ध मेथामफेटामाइन और 49 किलोग्राम संदिग्ध अफीम जब्त की गई।
हथियारों का जखीरा और नकदी भी बरामद
नशीले पदार्थों के अलावा, जांच के दौरान अधिकारियों ने एक बड़ा जखीरा भी बरामद किया। इसमें 17 आग्नेयास्त्र (जिनमें एक एंटी-टैंक राइफल भी शामिल है), भारी मात्रा में गोला-बारूद, 230 ऑक्सीकोडोन गोलियां और प्रतिबंधित हथियार शामिल थे। साथ ही, लगभग 80,000 कनाडाई डॉलर और 10,000 अमेरिकी डॉलर नकद, महंगे आभूषण, नोट गिनने की मशीनें, 43 मोबाइल फोन, छह लैपटॉप और अपराध से जुड़ा एक वाहन भी जब्त किया गया।
इस जांच के अंतरराष्ट्रीय पहलुओं में अमेरिका की होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस और अमेरिकी ड्रग प्रवर्तन प्रशासन जैसी एजेंसियों ने भी सहयोग किया। अधिकारियों ने कहा है कि जांच अभी भी जारी है और इस नेटवर्क के पूरे विस्तार व इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इनपुट: IANS



