मंगलवार, 11 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

PoK में प्रदर्शन: पाकिस्तानी सुरक्षाबलों की गोलीबारी में ब्रिटिश नागरिक की मौत, एक अन्य दो महीने से जेल में बंद

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में हाल में हुए हिंसक प्रदर्शनों का असर वहां रहने वाले ब्रिटिश नागरिकों पर भी पड़ा है। समाचार एजेंसी IANS के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, इन प्रदर्शनों के…

PoK में प्रदर्शन: पाकिस्तानी सुरक्षाबलों की गोलीबारी में ब्रिटिश नागरिक की मौत, एक अन्य दो महीने से जेल में बंद
(फोटो: IANS)

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में हाल में हुए हिंसक प्रदर्शनों का असर वहां रहने वाले ब्रिटिश नागरिकों पर भी पड़ा है। समाचार एजेंसी IANS के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, इन प्रदर्शनों के दौरान पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की गोलीबारी में एक ब्रिटिश नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य दो महीने से अधिक समय से जेल में बंद हैं।

विज्ञापन

ब्रिटिश अखबार 'द गार्डियन' की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटेन के पीटरबरो शहर के रहने वाले 50 वर्षीय मोहम्मद अख्तर की मौत 9 जून को हुई थी। उनका परिवार PoK के कोटली शहर में रहता है, जो हिंसक झड़पों वाले इलाके के करीब है।

गोलीबारी में मौत और परिवार का डर

अख्तर के परिवार का कहना है कि वे आर्थिक और चुनावी सुधारों की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शनों में हिस्सा नहीं ले रहे थे, लेकिन उनके घर के पास ही यह सब चल रहा था। उनके चचेरे भाई मोहम्मद साद ने 'द गार्डियन' को बताया, “उस दिन सुरक्षा बलों की ओर से गोलीबारी हुई थी और उन्हें एक गोली लग गई। उनके सीने के एक तरफ गोली का घाव था।”

परिवार ने डर के कारण इस मामले को न तो ब्रिटिश अधिकारियों के सामने उठाया और न ही PoK में पुलिस शिकायत दर्ज करा सका। उन्हें आशंका थी कि मामले को उठाने से उनके परिवार को खतरा हो सकता है।

एक और ब्रिटिश नागरिक हिरासत में

इसी तरह के एक अन्य मामले में, नॉटिंघम के रहने वाले 38 वर्षीय ब्रिटिश नागरिक वकास आरिफ को 5 जून के प्रदर्शनों के बाद PoK के मीरपुर शहर में हिरासत में ले लिया गया था। उनकी बहन सुमेरा ने बताया कि वकास किसी भी प्रदर्शन में शामिल नहीं थे, लेकिन उनके दो अन्य भाई गए थे, जिसके बाद पाकिस्तानी बल और रेंजर्स उनके घर आए और भाइयों को अपने साथ ले गए।

सुमेरा ने कहा, “उसके खिलाफ कोई आरोप नहीं है। उसने कुछ भी गलत नहीं किया... मुझे लगता है कि उसके जैसे हजारों लोग हैं जिन्हें जेल में डाल दिया गया है ताकि विरोध प्रदर्शन की ताकत कम की जा सके। उन्हें अदालत में भी पेश नहीं किया गया है।” परिवार ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय की मदद से उनकी रिहाई की कोशिश कर रहा है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है। PoK में हाल के वर्षों में हुई हिंसा को पाकिस्तानी अधिकारियों के लिए एक बड़ी चुनौती माना जा रहा है।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →