यूक्रेन पर रूस का चौतरफा हमला: मिसाइलों और ड्रोनों की बौछार में 6 की मौत, कई शहरों में भारी तबाही
सोमवार रात को रूस ने यूक्रेन के कई शहरों पर मिसाइलों और ड्रोनों से भीषण हमला किया, जिसमें कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गए। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इन हमलों…
सोमवार रात को रूस ने यूक्रेन के कई शहरों पर मिसाइलों और ड्रोनों से भीषण हमला किया, जिसमें कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गए। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इन हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि रूस जानबूझकर नागरिक ठिकानों को अधिकतम नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस हमले में बैलिस्टिक मिसाइलें, ग्लाइड बम और 120 से अधिक ड्रोन इस्तेमाल किए गए।
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि अकेले जापोरिज्जिया शहर में ही छह लोगों की जान गई और 19 लोग घायल हुए। उन्होंने कहा, "मैं पीड़ित परिवारों और उनके करीबियों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।" उन्होंने यह भी बताया कि इस शहर पर उत्तर कोरियाई बैलिस्टिक मिसाइलों, 'जिरकॉन' मिसाइलों और ग्लाइड बमों से हमला किया गया था।
कई शहरों के बुनियादी ढांचे पर हमला
इन हमलों का असर यूक्रेन के कई अन्य हिस्सों में भी देखने को मिला। कीव में एक मिसाइल हमले से एक संक्रामक रोग अस्पताल की इमारत को नुकसान पहुंचा। वहीं, खेरसोन और खार्किव में बिजली के सब-स्टेशनों को निशाना बनाया गया, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। डोनेट्स्क, द्नीप्रोपेत्रोव्स्क और मिकोलाइव क्षेत्रों पर भी हमले हुए। राष्ट्रपति के मुताबिक, पूरे यूक्रेन में 120 से ज़्यादा ड्रोन इस्तेमाल किए गए, जिनमें से ज़्यादातर 'शाहेद' ड्रोन थे।
रूस शांति नहीं, युद्ध बढ़ाना चाहता है: जेलेंस्की
जेलेंस्की ने जोर देकर कहा कि रूस के ये कदम दिखाते हैं कि वह शांति की दिशा में नहीं, बल्कि संघर्ष को और बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा, "दुनिया को इसका जवाब अभी देना होगा, इंतजार नहीं करना चाहिए।" उन्होंने रूस के युद्ध प्रयासों का समर्थन करने वाले उद्योगों पर और अधिक प्रतिबंध लगाने और यूक्रेन के लिए वायु रक्षा (एयर डिफेंस) प्रणाली मजबूत करने के लिए अतिरिक्त मदद की मांग की। यूक्रेन की प्रथम महिला ओलेना जेलेंस्का ने भी इन हमलों की निंदा करते हुए 'एक्स' पर लिखा, "हम दुनिया को इस स्थिति का आदी नहीं होने दे सकते। यूक्रेनियों की मौतों... को सामान्य बात नहीं माना जाना चाहिए।"
इनपुट: IANS



