अमेरिका के साथ व्यापार तनाव: ऊँचे टैरिफ पर ब्राज़ील सितंबर अंत में करेगा बातचीत की कोशिश
ब्राज़ील और अमेरिका के बीच व्यापारिक तनाव कम करने के लिए सितंबर के अंत में एक अहम बैठक होने की संभावना है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह बातचीत अमेरिका द्वारा ब्राज़ील के कुछ…
ब्राज़ील और अमेरिका के बीच व्यापारिक तनाव कम करने के लिए सितंबर के अंत में एक अहम बैठक होने की संभावना है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह बातचीत अमेरिका द्वारा ब्राज़ील के कुछ उत्पादों पर लगाए गए ऊँचे टैरिफ को लेकर होगी, जिसके कारण दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों में गिरावट आई है। ब्राज़ील का कहना है कि वह बातचीत के रास्ते खुले रखना चाहता है, लेकिन अपने उद्योगों और कर्मचारियों के हितों की रक्षा भी करेगा।
यह बैठक 30 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच अमेरिका में होने वाली G20 मंत्रिस्तरीय बैठक के मौके पर हो सकती है। ब्राज़ील के विकास, उद्योग, व्यापार और सेवाएं मंत्री मार्सियो एलियास रोजा इस दौरान अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर से मुलाक़ात कर सकते हैं। यह पहल अगस्त में ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई फ़ोन पर बातचीत का अगला क़दम है।
टैरिफ़ का बढ़ता असर
अमेरिका ने हाल ही में विभिन्न व्यापारिक जाँचों के बाद ब्राज़ील के कुछ उत्पादों पर अतिरिक्त शुल्क लगाया है। इन उपायों के चलते कुछ वस्तुओं पर कुल टैरिफ दर 37.5 प्रतिशत तक पहुँच गई है। ब्राज़ील के उद्योग मंत्रालय के अनुसार, इन नए टैरिफ़ का सीधा असर देश के कुल अमेरिकी निर्यात के लगभग 23.1 प्रतिशत हिस्से पर पड़ रहा है।
आंकड़ों पर नज़र डालें तो 2026 की पहली छमाही में ब्राज़ील से अमेरिका को होने वाला निर्यात 17.4 अरब डॉलर रहा, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 13 प्रतिशत कम है। इसके साथ ही, ब्राज़ील के कुल निर्यात में अमेरिका की हिस्सेदारी घटकर 9.4 प्रतिशत पर आ गई है, जो 1997 के बाद का सबसे निचला स्तर है।
'व्यापार युद्ध का इरादा नहीं'
तनाव के बावजूद, ब्राज़ील ने स्पष्ट किया है कि उसका इरादा व्यापार युद्ध शुरू करने का नहीं है। मंत्री मार्सियो एलियास रोजा ने सोमवार को पत्रकारों से कहा, "बातचीत के रास्ते खुले हैं और ब्राजील बातचीत के लिए तैयार है।" उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि ब्राज़ील एकतरफा और अनुचित माने जाने वाले टैरिफ का विरोध करता है, लेकिन वह अपनी अर्थव्यवस्था को बंद नहीं करेगा। उन्होंने कहा, "ब्राजील बहुपक्षीय सहयोग, बातचीत और वार्ता में विश्वास रखता है। हम इन सिद्धांतों को नहीं छोड़ेंगे।"
इनपुट: IANS



