तमिलनाडु: BJP अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन को 3.99 करोड़ कैश मामले में चार्जशीट मिली, अगली सुनवाई 30 जुलाई को
लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान कथित तौर पर मतदाताओं को बांटने के लिए ले जाए जा रहे 3.99 करोड़ रुपये की बरामदगी के मामले में तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन गुरुवार को चेन्नई की एक अदालत में पेश हुए
लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान कथित तौर पर मतदाताओं को बांटने के लिए ले जाए जा रहे 3.99 करोड़ रुपये की बरामदगी के मामले में तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन गुरुवार को चेन्नई की एक अदालत में पेश हुए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, जॉर्ज टाउन मजिस्ट्रेट कोर्ट ने नागेंद्रन और अन्य आरोपियों को आरोपपत्र (चार्जशीट) की प्रति सौंपी और मामले की अगली सुनवाई के लिए 30 जुलाई की तारीख तय की है।
यह मामला इस साल 6 अप्रैल का है, जब चुनाव आयोग के फ्लाइंग स्क्वाड ने तांबरम रेलवे स्टेशन पर नेल्लाई एक्सप्रेस में सफर कर रहे तीन लोगों को रोका था। जांच में उनके पास से 3.99 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए थे। अभियोजन पक्ष का कहना है कि इन तीनों ने अधिकारियों को बताया था कि वे यह पैसा तिरुनेलवेली ले जा रहे थे और नागेंद्रन के निर्देशों पर काम कर रहे थे, जो उस समय तिरुनेलवेली लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार थे।
मामले की जांच और प्रमुख आरोपी
शुरुआती कार्रवाई में तांबरम पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया था, जिनकी पहचान एस. सतीश, एस. नवीन और एस. पेरुमल के रूप में हुई। गिरफ्तार सतीश, नागेंद्रन के स्वामित्व वाले एक होटल में प्रबंधक था और भाजपा से भी जुड़ा था। कुछ हफ्तों बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे अपराध शाखा-आपराधिक जांच विभाग (सीबी-सीआईडी) को सौंप दिया गया।
विस्तृत जांच पूरी करने के बाद सीबी-सीआईडी ने इस मामले में नैनार नागेंद्रन और भाजपा के पूर्व संगठनात्मक सचिव केशवा विनयगम सहित कुल 13 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया। गुरुवार को अदालत ने सभी आरोपियों को अगली सुनवाई में पेश होने का निर्देश दिया है।
'आरोप राजनीति से प्रेरित' - नागेंद्रन
अदालत के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए, नैनार नागेंद्रन ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार और राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा, "यह मामला पिछली द्रमुक सरकार के दौरान राजनीतिक इरादे से दर्ज किया गया था।" नागेंद्रन ने उम्मीद जताई थी कि मौजूदा सरकार कार्यवाही वापस ले लेगी, लेकिन ऐसा नहीं होने पर उन्होंने कहा कि वह कानूनी प्रक्रिया के जरिए इस मामले का सामना करेंगे।
इनपुट: IANS



