बांग्लादेश: अवामी लीग का सरकार पर आरोप - 'शासन नहीं, बदला ले रही BNP'
बांग्लादेश की प्रमुख विपक्षी पार्टी अवामी लीग ने देश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सत्ताधारी बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (BNP) सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि BNP सरकार…
बांग्लादेश की प्रमुख विपक्षी पार्टी अवामी लीग ने देश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सत्ताधारी बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (BNP) सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि BNP सरकार शासन करने के बजाय राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम कर रही है, जिसके चलते देश में हत्या, बलात्कार और हिंसा की घटनाओं में भारी वृद्धि हुई है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, अवामी लीग ने गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद को विशेष रूप से निशाने पर लेते हुए कहा कि वे लोगों की सुरक्षा की जगह अपनी राजनीतिक दुश्मनी निकालने को प्राथमिकता दे रहे हैं।
अवामी लीग ने पिछले सात महीनों के भयावह आंकड़े पेश करते हुए कहा कि फरवरी से सितंबर के बीच हिंसा के कुल 21,756 मामले दर्ज किए गए। इनमें 1,789 हत्याएं और महिलाओं व बच्चों के खिलाफ हिंसा के 11,165 मामले शामिल हैं। इसी दौरान पुलिस पर भी 317 बार हमले हुए।
हिंसा और मानवाधिकार पर गंभीर आरोप
विपक्षी दल ने ढाका स्थित संस्था 'ह्यूमन राइट्स सपोर्ट सोसाइटी' (HRSS) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए स्थिति की गंभीरता पर प्रकाश डाला। रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल जनवरी से जून के बीच राजनीतिक हिंसा की 830 घटनाओं में 56 लोगों की मौत हो गई और 5,246 लोग घायल हुए। इसके अलावा, अल्पसंख्यक समुदायों के 44 लोगों की हत्या की गई और 383 पत्रकारों को उत्पीड़न या हमलों का सामना करना पड़ा।
पार्टी ने यह भी बताया कि अकेले अगस्त महीने में नदियों, नहरों और जंगलों से 87 अज्ञात शव बरामद किए गए। जनवरी से अगस्त के बीच बलात्कार के 339 मामले सामने आए, जिनमें 114 सामूहिक बलात्कार की घटनाएं थीं और 41 पीड़िताओं की बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई।
गृह मंत्री के बयान पर निशाना
अवामी लीग ने गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद के उस बयान की कड़ी निंदा की, जिसमें उन्होंने अवामी लीग को खत्म करने वालों के लिए इनाम की घोषणा की थी। पार्टी ने कहा, "ऐसे हालात में, गृह मंत्री की सबसे बड़ी चिंता तथाकथित अवामी लीग सहयोगियों को पकड़ने पर इनाम देने की है। यह ऐसा है, जैसे खून से सने युद्ध के मैदान में गुलाब बांटे जा रहे हों।"
बयान में आगे कहा गया कि BNP ने सत्ता में लौटते ही यह साबित कर दिया है कि वह शासन करने के लिए नहीं, बल्कि बदला लेने के लिए आई है। पार्टी ने 2001 से 2006 तक के BNP-जमात सरकार के कार्यकाल को याद दिलाते हुए कहा कि उस दौरान हुई राजनीतिक हत्याओं, जबरन गुमशुदगी और भ्रष्टाचार को इतिहास से मिटाया नहीं जा सकता।
इनपुट: IANS



