एप्पल और OpenAI की दोस्ती में दरार? टेक दिग्गज ने लगाया सीक्रेट्स चुराने का आरोप
कभी एप्पल इंटेलिजेंस और सिरी जैसे फीचर्स पर साथ काम करने वाली दो टेक दिग्गज कंपनियां—एप्पल और ओपनएआई—अब आमने-सामने हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, एप्पल ने ओपनएआई पर एक बड़ा मुकदमा दा
कभी एप्पल इंटेलिजेंस और सिरी जैसे फीचर्स पर साथ काम करने वाली दो टेक दिग्गज कंपनियां—एप्पल और ओपनएआई—अब आमने-सामने हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, एप्पल ने ओपनएआई पर एक बड़ा मुकदमा दायर किया है, जिसमें उसने अपनी तकनीक, आने वाले प्रोडक्ट्स के डिज़ाइन और गोपनीय जानकारी की योजनाबद्ध चोरी का आरोप लगाया है।
एप्पल का मुख्य आरोप है कि ओपनएआई ने उसके कर्मचारियों को नौकरी का लालच देकर कंपनी के व्यापारिक रहस्य हासिल करने की कोशिश की। यह मामला कैलिफोर्निया की एक अदालत में दायर किया गया है। मुकदमे के केंद्र में ओपनएआई के मुख्य हार्डवेयर अधिकारी टैंग टैन हैं, जो पहले एप्पल में प्रोडक्ट डिज़ाइन के वाइस प्रेसिडेंट थे और आईफोन, एप्पल वॉच जैसे कई अहम प्रोडक्ट्स का नेतृत्व कर चुके हैं।
क्या हैं एप्पल के आरोप?
एप्पल ने अपने मुकदमे में दावा किया है कि टैंग टैन ने नौकरी के इंटरव्यू के दौरान एप्पल के कर्मचारियों को गोपनीय दस्तावेज़ और आने वाले प्रोडक्ट्स के डिज़ाइन साझा करने के लिए उकसाया। इसके अलावा, एप्पल के एक पूर्व आईफोन हार्डवेयर इंजीनियर चांग लियू पर भी आरोप है कि उन्होंने ओपनएआई के लिए काम करते हुए गैरकानूनी तरीके से एप्पल की दर्जनों गोपनीय हार्डवेयर फाइलों को एक्सेस किया। इन फाइलों में ऐसे प्रोडक्ट्स की जानकारी थी, जो अभी तक लॉन्च भी नहीं हुए हैं।
एप्पल ने यह भी आरोप लगाया है कि ओपनएआई ने एप्पल के कर्मचारियों को सलाह दी कि वे नौकरी छोड़ते समय गोपनीय फाइलों तक अपनी पहुँच कैसे बनाए रख सकते हैं। कंपनी का दावा है कि ओपनएआई ने अपने प्रस्तावित आईपीओ से कुछ महीने पहले एप्पल के लगभग 400 कर्मचारियों को नौकरी पर रखा।
ओपनएआई का क्या कहना है?
ओपनएआई ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। कंपनी का कहना है कि उसे किसी दूसरी कंपनी के व्यापारिक रहस्यों में कोई दिलचस्पी नहीं है और उसका पूरा ध्यान ऐसी नई तकनीक बनाने पर है, जो दुनिया भर के लोगों के काम आ सके।
हालांकि, पिछले एक साल में दोनों कंपनियों के संबंधों में तनाव देखा गया है। इसकी एक वजह यह भी मानी जा रही है कि ओपनएआई ने नए डिवाइस बनाने के लिए एप्पल के पूर्व डिज़ाइन प्रमुख जॉनी इवे को भी अपने साथ जोड़ लिया है। एप्पल ने अदालत से मांग की है कि ओपनएआई उसके सभी गोपनीय दस्तावेज़ नष्ट करे और चोरी की गई तकनीक के आधार पर बनाए जा रहे अपने प्रोडक्ट्स को दोबारा डिज़ाइन करे।
इनपुट: IANS



