चीन में बने AI के इस्तेमाल पर अमेरिकी कंपनी डोरडैश से पूछताछ, राष्ट्रीय सुरक्षा पर चिंता
अमेरिकी फूड डिलीवरी कंपनी डोरडैश द्वारा चीन में विकसित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल का इस्तेमाल करने पर अमेरिकी कांग्रेस की दो शक्तिशाली समितियों ने जांच शुरू कर दी है। इस मामले ने अमेरिकी…
अमेरिकी फूड डिलीवरी कंपनी डोरडैश द्वारा चीन में विकसित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल का इस्तेमाल करने पर अमेरिकी कांग्रेस की दो शक्तिशाली समितियों ने जांच शुरू कर दी है। इस मामले ने अमेरिकी कंपनियों द्वारा चीनी तकनीक को अपनाने से जुड़े राष्ट्रीय सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और आर्थिक सुरक्षा के खतरों पर एक नई बहस छेड़ दी है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, हाउस सेलेक्ट कमेटी ऑन चाइना और हाउस कमेटी ऑन होमलैंड सिक्योरिटी ने डोरडैश के सह-संस्थापक और सीईओ टोनी जू को एक पत्र भेजा है। इस पत्र में कंपनी द्वारा चीनी AI मॉडल के मूल्यांकन और उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी गई है। यह जांच अप्रैल में शुरू हुई एक बड़ी पड़ताल का हिस्सा है, जिसमें अमेरिकी कंपनियों द्वारा चीनी 'ओपन-वेट' AI मॉडल के इस्तेमाल को परखा जा रहा है।
जांच का दायरा और चिंताएं
समितियों का मुख्य फोकस इस बात पर है कि जब अमेरिकी कंपनियां चीनी AI को अपने कंज्यूमर प्लेटफॉर्म, एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर या संवेदनशील जानकारी संभालने वाले सिस्टम में एकीकृत करती हैं, तो इससे देश की सुरक्षा पर क्या असर पड़ता है। पत्र में कमेटी अध्यक्षों जॉन मूलीनार और एंड्रयू आर. गारबारिनो ने माना कि कम लागत और बेहतर कस्टमाइजेशन जैसी वजहों से कंपनियां इन मॉडलों की ओर आकर्षित हो सकती हैं, लेकिन उन्होंने चेताया कि सुरक्षा जोखिमों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उन्होंने लिखा, "ये व्यावहारिक कारण जोखिम-आधारित सुरक्षा उपायों की जरूरत को खत्म नहीं करते और न ही पीआरसी के अधिकार क्षेत्र वाली संस्थाओं द्वारा विकसित मॉडलों पर बढ़ती निर्भरता से जुड़ी राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं को कम करते हैं।"
डोरडैश ने क्यों इस्तेमाल किया चीनी AI?
कांग्रेस के पत्र में डोरडैश के सह-संस्थापक एंडी फैंग के सार्वजनिक बयानों का हवाला दिया गया है। कंपनी ने अपने आंतरिक कोड रिव्यू सिस्टम में ओपन-वेट मॉडल का इस्तेमाल किया था। जानकारी के मुताबिक, डोरडैश ने मुश्किल कामों के लिए अमेरिका में विकसित AI का उपयोग किया, जबकि निचले स्तर के कार्यों के लिए चीन के मूनशॉट AI द्वारा विकसित 'किमी के2.6' मॉडल को चुना। कंपनी ने दावा किया कि इस नए सिस्टम ने न केवल बेहतर प्रदर्शन किया बल्कि लागत भी घटाई।
'ओपन-वेट' AI मॉडल क्या हैं?
'ओपन-वेट' AI मॉडल, प्रोपराइटरी (मालिकाना) सिस्टम के विपरीत, अपने आंतरिक पैरामीटर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराते हैं। इससे डेवलपर्स उन्हें स्वतंत्र रूप से डाउनलोड, संशोधित और तैनात कर सकते हैं। यह लचीलापन लागत तो कम करता है, लेकिन सॉफ्टवेयर की अखंडता और सप्लाई चेन की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े करता है। सांसदों ने व्हाइट हाउस के उन बयानों का भी उल्लेख किया, जिनमें मूनशॉट AI पर अमेरिकी मॉडलों के खिलाफ गुप्त रूप से काम करने और अनधिकृत तरीके से कंप्यूटिंग सिस्टम का उपयोग करने का आरोप लगाया गया था।
इनपुट: IANS



