अफगानिस्तान: तालिबान के सूचना निदेशक की बदख्शां में गोली मारकर हत्या
अफगानिस्तान के बदख्शां प्रांत में तालिबान के एक वरिष्ठ अधिकारी की मंगलवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, मारे गए अधिकारी की पहचान सूचना एवं संस्कृति निदेशक…
अफगानिस्तान के बदख्शां प्रांत में तालिबान के एक वरिष्ठ अधिकारी की मंगलवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, मारे गए अधिकारी की पहचान सूचना एवं संस्कृति निदेशक जबीहुल्लाह अमीरी के रूप में हुई है। यह हमला उस वक्त हुआ जब अमीरी बहारक-फैजाबाद हाईवे से अपने दफ्तर जा रहे थे।
तालिबान की बदख्शां पुलिस के कमांडर हेसानुल्लाह कामगर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जवाबी कार्रवाई में अमीरी के सुरक्षाकर्मियों ने एक हमलावर को मौके पर ही ढेर कर दिया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि दूसरे संदिग्ध की तलाश के लिए एक अभियान चलाया जा रहा है। अफगानिस्तान की प्रमुख समाचार एजेंसी खामा प्रेस के मुताबिक, इस हमले में अमीरी का ड्राइवर भी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बढ़ती असुरक्षा और तालिबान का पक्ष
यह घटना बदख्शां में तालिबान अधिकारियों और सुरक्षा बलों पर हो रहे हमलों की श्रृंखला की नवीनतम कड़ी है। हालांकि, जबीहुल्लाह अमीरी की हत्या की जिम्मेदारी तत्काल किसी भी संगठन ने नहीं ली है। इससे पहले, खामा प्रेस की जानकारी के अनुसार, तालिबान शासन का विरोध करने वाले सशस्त्र संगठन 'अफगानिस्तान फ्रीडम फ्रंट' (एएफएफ) ने प्रांत में हुए कुछ हमलों की जिम्मेदारी ली थी, लेकिन इस मामले में उसकी संलिप्तता का कोई सबूत नहीं मिला है।
दिलचस्प बात यह है कि यह हमला तालिबान द्वारा एक नया मीडिया कार्यक्रम शुरू करने के ठीक एक दिन बाद हुआ, जिसका उद्देश्य यह बताना था कि प्रांत में सुरक्षा घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है। सोमवार को 'गवर्नमेंट इन द मिरर ऑफ द प्रेस' कार्यक्रम में तालिबान के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा था कि बदख्शां में झड़पों को "जरूरत से ज्यादा बढ़ाकर दिखाया गया है" और स्थिति "पूरी तरह नियंत्रण में है"।
अफगानिस्तान की एरियाना न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मुजाहिद ने यह भी कहा था, "सुरक्षा से जुड़ी घटनाएं कई देशों में होती हैं और इन्हें असामान्य नहीं माना जाना चाहिए।" उन्होंने दावा किया था कि अफगान सुरक्षा बल किसी भी सशस्त्र गतिविधि का जवाब देने के लिए तैयार हैं और अफगानिस्तान की जनता मौजूदा व्यवस्था का समर्थन करती है।
इनपुट: IANS



