कोलकाता में जाली भारतीय पहचान-पत्रों के साथ अफगानी नागरिक गिरफ्तार, मध्य प्रदेश से जुड़े तार
फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे कोलकाता में अवैध रूप से रह रहे एक अफगान नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई कोलकाता पुलिस और मध्य प्रदेश पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने एक संयुक्त अभियान में की…
फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे कोलकाता में अवैध रूप से रह रहे एक अफगान नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई कोलकाता पुलिस और मध्य प्रदेश पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने एक संयुक्त अभियान में की। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी की पहचान मीर अहमद जर के रूप में हुई है, जो शहर में 'अयूब खान' नाम की झूठी पहचान बनाकर रह रहा था।
पुलिस ने मंगलवार देर रात मध्य कोलकाता के सियालदह इलाके में उसके किराए के मकान पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार किया। जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने न केवल आधार, पैन और राशन कार्ड जैसे अहम दस्तावेज बनवा लिए थे, बल्कि मतदाता सूची में भी अपना नाम दर्ज करा लिया था। हालांकि, इस साल विधानसभा चुनाव से पहले हुए विशेष पुनरीक्षण के दौरान उसका नाम सूची से हटा दिया गया था।
जांच का दायरा मध्य प्रदेश तक
इस गिरफ्तारी के तार मध्य प्रदेश से जुड़ते हैं, जहां की स्पेशल ब्रांच पुलिस ने पहले फर्जी दस्तावेजों के साथ रह रहे पांच अफगान नागरिकों को पकड़ा था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि उन्हीं से पूछताछ के दौरान 'अयूब खान' का नाम सामने आया, जिसकी असली पहचान मीर अहमद जर के रूप में हुई। इसी जानकारी के आधार पर मध्य प्रदेश पुलिस ने कोलकाता पुलिस से संपर्क साधा और संयुक्त छापेमारी को अंजाम दिया।
कई अहम दस्तावेज बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। इनमें उत्तर 24 परगना जिले की भाटपारा नगर पालिका द्वारा जारी निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड और एक ड्राइविंग लाइसेंस शामिल हैं। जांचकर्ताओं के अनुसार, जर पहली बार 2015 में भारत आया था और अफगानिस्तान लौटने के बाद 2017 में दोबारा वापस आया। इसके बाद वह कुछ समय जबलपुर में रहा और फिर कोलकाता आकर बस गया।
फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने इतने सारे आधिकारिक दस्तावेज कैसे हासिल किए और क्या इसमें किसी सरकारी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति ने उसकी मदद की थी। यह भी जांच की जा रही है कि वह इतने सालों तक फर्जी पहचान के साथ शहर में कैसे रहने में कामयाब रहा।
इनपुट: IANS



