गोवा: बच्चों के खाने के डिब्बे में ड्रग्स तस्करी, युगांडा की महिला को 10 साल की सज़ा
नशीले पदार्थों की तस्करी के एक मामले में कर्नाटक की एक अदालत ने युगांडा की नागरिक को 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। यह महिला बच्चों के खाने (बेबी फूड) के डिब्बों में मेथामफेटामाइन नामक ड्रग…
नशीले पदार्थों की तस्करी के एक मामले में कर्नाटक की एक अदालत ने युगांडा की नागरिक को 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। यह महिला बच्चों के खाने (बेबी फूड) के डिब्बों में मेथामफेटामाइन नामक ड्रग छिपाकर ले जा रही थी, जब उसे नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने गिरफ्तार किया था। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, अदालत ने फैसला सुनाते हुए कहा कि दोषी ने आसान पैसे के लिए युवा पीढ़ी का भविष्य बर्बाद करने का काम किया।
यह मामला 6 जनवरी 2022 का है, जब NCB की बेंगलुरु टीम ने एक खुफिया जानकारी के आधार पर हुबली रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई की थी। टीम ने दिल्ली से ट्रेन के जरिए पहुंची 30 वर्षीय महिला एग्नेस नग्गायी को पकड़ा।
कैसे छिपाई गई थी ड्रग्स?
तलाशी के दौरान, एग्नेस के पास से एक सफेद कपड़े का थैला मिला। इस थैले में 'नेस्ले सेरेलेक बेबी सीरियल विद मिल्क रागी एप्पल' के 2 कार्टन थे। अधिकारियों ने जब इन डिब्बों को खोला, तो उनके अंदर 995 ग्राम मेथामफेटामाइन ड्रग छिपाकर रखी गई थी। NCB ने ड्रग्स जब्त कर महिला को तुरंत गिरफ्तार कर लिया था।
अदालत का फैसला और टिप्पणी
कर्नाटक के धारवाड़ स्थित प्रधान सत्र न्यायालय ने 12 नवंबर को दिए अपने फैसले में एग्नेस नग्गायी को दोषी करार दिया। अदालत ने पाया कि वह बिना वैध वीजा के भारत में रह रही थी। उसे एनडीपीएस अधिनियम की धारा 22(सी) और 29 के तहत 10 साल के कठोर कारावास के साथ-साथ 1 लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई गई है। अदालत ने टिप्पणी की कि समाज का हित किसी व्यक्ति के हित से ऊपर होता है।
इस मामले में महिला से मिली जानकारी पर एक अन्य 30 वर्षीय युगांडा के पुरुष को भी गिरफ्तार किया गया था, लेकिन अदालत ने उसे बरी कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि वह फर्जी वीजा पर अवैध रूप से भारत में रह रहा था और उसे वापस उसके देश भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इनपुट: IANS



