बिहार: मंत्री अशोक चौधरी की प्रोफेसर नियुक्ति पर RJD का हमला, 'लाभ के पद' पर उठाए सवाल
बिहार सरकार के मंत्री और JDU नेता अशोक चौधरी एक असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर अपनी नियुक्ति को लेकर विवादों में घिर गए हैं। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इसे 'लाभ के पद' का मामला बताते हुए उनकी विधान…
बिहार सरकार के मंत्री और JDU नेता अशोक चौधरी एक असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर अपनी नियुक्ति को लेकर विवादों में घिर गए हैं। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इसे 'लाभ के पद' का मामला बताते हुए उनकी विधान परिषद सदस्यता खत्म करने की मांग की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, RJD सांसद मनोज झा ने आरोप लगाया है कि यह नियुक्ति विश्वविद्यालय सेवा नियमों का सीधा उल्लंघन है।
पूरा मामला अशोक चौधरी के एएन कॉलेज में डॉ. अशोक कुमार के नाम से असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर योगदान देने से जुड़ा है। RJD प्रवक्ता मनोज झा ने बुधवार को पटना में एक प्रेस वार्ता में दावा किया कि चौधरी ने 17 अगस्त को नौकरी जॉइन की और ठीक अगले ही दिन यानी 18 अगस्त को 'लियन' (मूल पद पर वापसी का अधिकार) के लिए आवेदन कर दिया।
नियमों के उल्लंघन का आरोप
मनोज झा ने सवाल उठाया कि विश्वविद्यालय सेवा नियमों के तहत परिवीक्षा अवधि (प्रोबेशन पीरियड) में किसी को इस तरह का विशेष अवकाश या 'लियन' कैसे दिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जब यह मामला विश्वविद्यालय सिंडिकेट के जरिए राजभवन पहुंचा, तो वहां अधिकारियों ने भी स्पष्ट किया कि अशोक चौधरी इस सुविधा के हकदार नहीं हैं।
RJD सांसद ने बिहार विश्वविद्यालय अधिनियम की धारा 68(2) का जिक्र करते हुए कहा कि यह प्रावधान उन शिक्षकों पर लागू होता है जो पहले से पढ़ा रहे हों और बाद में सदन के सदस्य चुने जाएं। यह नियम किसी मौजूदा सदस्य के शिक्षक बनने पर लागू नहीं होता।
विधान परिषद सदस्यता पर संकट?
विवाद को 'लाभ के पद' से जोड़ते हुए मनोज झा ने 2006 के जया बच्चन मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि अशोक चौधरी एक साथ विधान परिषद सदस्य, मंत्री और कॉलेज में व्याख्याता के तीन पदों पर हैं, जो कानूनी रूप से सवालों के घेरे में है।
RJD ने इस मामले में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी घेरा है। झा ने चेतावनी दी कि अगर दो दिनों के भीतर सरकार इस पर कानूनी स्थिति स्पष्ट नहीं करती है तो वे भी जवाबदेह होंगे। उन्होंने विधान परिषद के सभापति से इस मामले में स्वतः संज्ञान लेने की अपील करते हुए कहा कि राजद इस मुद्दे को तार्किक अंजाम तक ले जाएगा।
इनपुट: IANS



