मोतिहारी: महिला से रिश्वत और 'एक रात' की मांग, ऑडियो वायरल होने पर दारोगा शैलेश कुमार निलंबित
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में एक दारोगा द्वारा महिला से रिश्वत मांगने और आपत्तिजनक बातचीत करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद, जिसमें दारोगा कथित तौर पर…
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में एक दारोगा द्वारा महिला से रिश्वत मांगने और आपत्तिजनक बातचीत करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद, जिसमें दारोगा कथित तौर पर महिला से कह रहा है, "तुम एक रात आओ, हम तुम्हारे तरफ से हो जाएंगे", पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने आरोपी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, निलंबित पुलिस पदाधिकारी की पहचान सुगौली थाने में तैनात अवर निरीक्षक (दारोगा) शैलेश कुमार के रूप में हुई है। यह पूरा मामला एक जमीन विवाद से जुड़ा है, जिसमें पीड़ित महिला ने 7 अक्टूबर को अपनी झोपड़ी में आग लगाने और तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए सुगौली थाने में आवेदन दिया था। इस मामले की जांच का जिम्मा शैलेश कुमार को सौंपा गया था।
जांच में सामने आए गंभीर आरोप
प्रारंभिक जांच में पता चला कि दारोगा ने प्राथमिकी दर्ज न करने और मामले को रफा-दफा करने के एवज में महिला से पैसों की मांग की थी। वायरल ऑडियो में महिला यह कहती सुनाई देती है कि वह दो किस्तों में चार हजार रुपये पहले ही दे चुकी है। इसके अलावा, दारोगा पर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का भी आरोप है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुताबिक, ऑडियो रिकॉर्डिंग से प्रथम दृष्टया शैलेश कुमार की संलिप्तता स्पष्ट होती है।
प्रशासन की कार्रवाई और आगे की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने पहले सुगौली के पर्यवेक्षी पदाधिकारी पुलिस निरीक्षक मुन्ना कुमार से जांच करवाई। उनकी रिपोर्ट के आधार पर शैलेश कुमार को निलंबित किया गया। पुलिस विभाग ने माना है कि इस आचरण से पुलिस की छवि धूमिल हुई है और आम लोगों में अविश्वास की भावना पैदा हुई है। अब इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी रक्सौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को दी गई है और उन्हें 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। इस बीच, जदयू के प्रखंड अध्यक्ष अरविंद कुशवाहा ने भी जिलाधिकारी को पत्र लिखकर आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इनपुट: IANS



