झारखंड: चतरा के जंगल में मिला महिला का अधजला शव, पहचान की कोशिश जारी
झारखंड के चतरा जिले में एक सुनसान जंगली इलाके से एक महिला का सड़ा-गला और जला हुआ शव बरामद हुआ है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या कहीं और करके सबूत मिटाने…
झारखंड के चतरा जिले में एक सुनसान जंगली इलाके से एक महिला का सड़ा-गला और जला हुआ शव बरामद हुआ है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या कहीं और करके सबूत मिटाने के लिए शव को यहां फेंका गया है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
यह शव मंगलवार सुबह प्रतापपुर थाना क्षेत्र के लाली माटी जंगल में मिला। कुछ स्थानीय ग्रामीण जब अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल गए, तो उन्होंने इस क्षत-विक्षत शव को देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत स्थानीय मुखिया रंजीत यादव और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना प्रभारी मोहन तिर्की अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जांच में उलझी पुलिस
शुरुआती जांच में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, मृतका की उम्र 30 से 40 वर्ष के बीच हो सकती है और शव 30 से 50 प्रतिशत तक जला हुआ है। शव की हालत देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि यह घटना चार-पांच दिन पुरानी है, क्योंकि उसमें कीड़े लग चुके थे।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिस जगह शव मिला, वहां जमीन पर जलने या आग लगने का कोई निशान नहीं है। इससे यह आशंका और भी पुख्ता हो गई है कि हत्यारों ने महिला की हत्या किसी दूसरी जगह की, शव को जलाने की कोशिश की और फिर पहचान छिपाने के लिए उसे जंगल में फेंक दिया।
कौन थी महिला?
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों का कहना है कि उनके इलाके में हाल के दिनों में किसी महिला के लापता होने की कोई खबर नहीं है। इससे यह भी माना जा रहा है कि महिला किसी दूसरे क्षेत्र की निवासी हो सकती है।
थाना प्रभारी मोहन तिर्की ने बताया कि मामले की सूचना आसपास के थानों को भी दे दी गई है। पुलिस फॉरेंसिक टीम और तकनीकी सबूतों की मदद से मृतका की पहचान करने और इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वालों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
इनपुट: IANS



