भागलपुर: 7 लाख रुपये के उधार और ज़मीन के झगड़े में सगे भाई ने ही कर दी युवक की हत्या?
बिहार के भागलपुर में पैसों और पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद एक परिवार के लिए मातम का सबब बन गया। शनिवार सुबह एक दिहाड़ी मजदूर नंदलाल यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। समाचार एजेंसी IANS के…
बिहार के भागलपुर में पैसों और पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद एक परिवार के लिए मातम का सबब बन गया। शनिवार सुबह एक दिहाड़ी मजदूर नंदलाल यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस हत्या का आरोप मृतक के छोटे भाई शंभू यादव और उसके तीन साथियों पर लगा है, जो घटना के बाद से फरार हैं।
यह वारदात बाबरगंज थाना क्षेत्र के अलीगंज इलाके में एक वृद्धाश्रम के पास हुई। नंदलाल यादव सुबह चाय पीने के लिए घर से निकले थे, तभी हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया। स्थानीय खबरों के मुताबिक, घटनास्थल पर चार से पांच राउंड फायरिंग हुई। मृतक के सिर और पेट में कई गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
क्या था पूरा विवाद?
परिवार वालों के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। शंभू ने अपने बड़े भाई नंदलाल से 7 लाख रुपये उधार लिए थे। नंदलाल लगातार अपने पैसे वापस मांग रहे थे। पैसे चुकाने के बदले में शंभू पैतृक जमीन में से अपना हिस्सा बेचना चाहता था, लेकिन इस प्रस्ताव पर दोनों के बीच सहमति नहीं बन पा रही थी।
मृतक नंदलाल की पत्नी जूना देवी ने बताया कि कुछ दिन पहले शंभू पिस्तौल लेकर उनके घर आया था और पूरे परिवार को गोली मारने की धमकी भी दी थी। उन्होंने अपने पति की हत्या में शंभू और तीन अन्य लोगों के शामिल होने का सीधा आरोप लगाया है। नंदलाल दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार चलाते थे और उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही बाबरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। भागलपुर के मुख्यालय डीएसपी मोहम्मद अयूब ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा, "एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। उसके भाई पर हत्या का आरोप है। पूरे मामले की जांच चल रही है।" उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है और सबूत एकत्र किए जा रहे हैं।
इनपुट: IANS



