बुधवार, 12 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
राजस्थान

राजस्थान: HPCL पाइपलाइन में सेंध लगाकर करोड़ों का कच्चा तेल चुराने वाला गिरोह पकड़ा गया, 8 गिरफ्तार

गुजरात और राजस्थान पुलिस के एक संयुक्त ऑपरेशन में उस अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है, जो हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की पाइपलाइन से कच्चा तेल चोरी कर रहा था। समाचार एजेंसी…

राजस्थान: HPCL पाइपलाइन में सेंध लगाकर करोड़ों का कच्चा तेल चुराने वाला गिरोह पकड़ा गया, 8 गिरफ्तार
(फोटो: IANS)

गुजरात और राजस्थान पुलिस के एक संयुक्त ऑपरेशन में उस अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है, जो हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की पाइपलाइन से कच्चा तेल चोरी कर रहा था। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरोह राजस्थान के बालोतरा जिले से गुजरने वाली पाइपलाइन में वॉल्व लगाकर तेल निकालता था और फिर उसे बेच देता था।

विज्ञापन

पूछताछ में आरोपियों ने सिर्फ एक हफ्ते के भीतर 10-10 टन क्षमता वाले दो टैंकर भरकर कच्चा तेल चुराने और उसे बेचने की बात कबूल की है। इस पूरे ऑपरेशन को गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) और राजस्थान पुलिस ने मिलकर अंजाम दिया।

कैसे हुआ इस बड़े तेल चोर गिरोह का खुलासा

गुजरात एटीएस को खुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ लोग HPCL पाइपलाइन से कच्चा तेल निकालकर अहमदाबाद-राजकोट हाईवे पर बेच रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद एटीएस ने सबसे पहले जयराज सिंह नाम के एक व्यक्ति को कुवाडवा के पास से हिरासत में लिया। जयराज ने ही खुलासा किया कि टैंकर में भरा कच्चा तेल राजस्थान के बालोतरा जिले के कलुडी गांव से लाया गया है।

इसी जानकारी के आधार पर एटीएस ने राजस्थान पुलिस के साथ मिलकर बालोतरा के टापरा गांव के पास एक ढाबे से सात अन्य लोगों को गिरफ्तार किया। सभी को पूछताछ के लिए जसोल पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

छह महीने की रेकी, फिर दिया चोरी को अंजाम

जांचकर्ताओं ने बताया कि यह चोरी बेहद सुनियोजित तरीके से की गई। गिरोह ने बालोतरा के कलुडी गांव के पास एक बंजर जमीन में गहरा गड्ढा खोदा और पाइपलाइन पर चुपके से एक वॉल्व फिट कर दिया। इसी वॉल्व के जरिए वे टैंकरों में कच्चा तेल भरते थे। एजेंसी सूत्रों के अनुसार, इस काम को अंजाम देने से पहले गिरोह ने करीब छह महीने तक पाइपलाइन और आसपास के इलाके की रेकी की थी। मुख्य आरोपी घनश्याम सोनी ने इस दौरान जालोर निवासी मुकेश मेघवाल के घर पर रुककर पूरे इलाके का सर्वे किया था।

कौन हैं गिरफ्तार आरोपी?

गिरफ्तार किए गए लोगों में गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के निवासी शामिल हैं। इनकी पहचान घनश्याम सोनी (54), रमेश ठाकोर (41), महेश ठाकोर (32), सुरेजी ठाकोर (32), जयसिंह चुडासमा (34), मुकेश कुमार मेघवाल (44), रणजीत चौरसिया (48) और दिलीप यादव (35) के रूप में हुई है। चोरी किया गया तेल राजस्थान के ब्यावर निवासी गोविंद सिंह चौहान को बेचा जाता था। जसोल पुलिस स्टेशन में एचपीसीएल के सिक्योरिटी सुपरवाइजर श्रवण कुमार जाट की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और कुल चोरी हुए तेल की मात्रा का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।

इनपुट: IANS

N

News4Social राजस्थान डेस्क

News4Social राजस्थान डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राजस्थान से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →