बलूचिस्तान: उग्रवादी संगठन BLA का 25 हमलों में 18 पाकिस्तानी सैनिकों को मारने का दावा
उग्रवादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने बलूचिस्तान के विभिन्न हिस्सों में हाल के दिनों में 25 अलग-अलग ऑपरेशन करने की ज़िम्मेदारी ली है। गुरुवार को जारी एक बयान में, संगठन ने दावा किया कि इन हमलों…
उग्रवादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने बलूचिस्तान के विभिन्न हिस्सों में हाल के दिनों में 25 अलग-अलग ऑपरेशन करने की ज़िम्मेदारी ली है। गुरुवार को जारी एक बयान में, संगठन ने दावा किया कि इन हमलों में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के 18 जवान मारे गए और कई अन्य घायल हुए। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, BLA के प्रवक्ता जीयांद बलूच ने कहा कि ये हमले 14 से 23 सितंबर के बीच किए गए थे।
संगठन के बयान में पंजगुर, केच, खारान, खुजदार, मस्तुंग, वाशुक और नुश्की समेत कई क्षेत्रों में ऑपरेशन किए जाने की बात कही गई है। BLA के मुताबिक, इन अभियानों का निशाना पाकिस्तानी सैन्य काफिले, चौकियां, निगरानी के बुनियादी ढांचे और आपूर्ति मार्ग थे। इसके अलावा संगठन ने उन समूहों पर भी हमला करने का दावा किया जिन्हें उसने 'डेथ स्क्वॉड' बताया है।
हमलों का सिलसिलेवार ब्योरा
BLA ने अपने बयान में कुछ प्रमुख हमलों की जानकारी भी दी है। संगठन ने दावा किया कि 22 सितंबर को क्वेटा के पास दश्त के टेरा माइल इलाके में एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) से सेना के बम निरोधक दस्ते को निशाना बनाया गया, जिसमें एक जवान की मौत हो गई और एक घायल हो गया।
इसी दिन खुजदार में बागबाना पुलिस स्टेशन पर कब्जा कर हथियार और उपकरण जब्त करने का भी दावा किया गया। BLA के अनुसार, बाद में जब पुलिस की एंटी-टेररिस्ट फोर्स (एटीएफ) ने इलाके में घुसने की कोशिश की, तो उन पर भी हमला हुआ, जिसमें थानाध्यक्ष (एसएचओ) मुनीर आलम जट्टक समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए। संगठन ने यह भी दावा किया कि 20 सितंबर को नुश्की में एक हमले में दो जवान मारे गए और चार अन्य घायल हुए।
ड्रोन गिराने और इलाके पर कब्जे का दावा
प्रवक्ता जीयांद बलूच ने कहा कि 21 सितंबर को संगठन के लड़ाकों ने मांड में रादिग पर कब्जा कर लिया और भारी हथियारों का इस्तेमाल करते हुए पाकिस्तानी सेना के मुख्य शिविर पर हमला किया। इससे पहले, 18 सितंबर को मांड के ही बलोचाबाद और बुल्लो पर कब्जा करने और वहां जनसभाएं करने का दावा भी किया गया था।
BLA ने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी बलों ने नागरिक बस्तियों को निशाना बनाने के लिए क्वाडकॉप्टर का इस्तेमाल किया, जिससे पांच लोग घायल हुए। संगठन ने एक ड्रोन को मार गिराने का भी दावा किया है। बयान के अंत में, संगठन ने कहा कि "स्वतंत्र और संप्रभु बलूचिस्तान" की स्थापना तक पाकिस्तान के खिलाफ उनका सशस्त्र संघर्ष जारी रहेगा।
इनपुट: IANS



