अफगानिस्तान: नंगरहार प्रांत में भूकंप के झटके, 15 लोग घायल
अफगानिस्तान का पूर्वी नंगरहार प्रांत मंगलवार सुबह भूकंप के झटकों से दहल गया, जिसमें कम से कम 15 लोगों के घायल होने की खबर है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने पुष्टि की है कि भूकंप की तीव्रता…
अफगानिस्तान का पूर्वी नंगरहार प्रांत मंगलवार सुबह भूकंप के झटकों से दहल गया, जिसमें कम से कम 15 लोगों के घायल होने की खबर है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने पुष्टि की है कि भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.9 थी और इसका केंद्र प्रांतीय राजधानी जलालाबाद से करीब 4 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, भूकंप का प्रभाव जलालाबाद के अलावा बेहसूद और कुज कुनार जिलों समेत प्रांत के अन्य हिस्सों में भी महसूस किया गया। यह भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 5:48 बजे 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। अधिकारियों ने बताया है कि वे स्थिति का आकलन कर रहे हैं और नुकसान व हताहतों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटा रहे हैं।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
नंगरहार में तालिबान के जन स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता नकीबुल्लाह रहीमी ने बताया कि घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय मीडिया टोलो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, सभी घायलों को इलाज के लिए नंगरहार रीजनल अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है। हालांकि, अधिकारियों ने उनकी स्थिति या भूकंप से हुए नुकसान की सीमा पर अभी कोई जानकारी नहीं दी है।
अफगानिस्तान में भूकंप का बढ़ता खतरा
पहाड़ी इलाका होने और कमजोर बुनियादी ढांचे के कारण अफगानिस्तान अक्सर विनाशकारी भूकंपों का सामना करता है। हाल के महीनों में देश में कई भूकंप दर्ज किए गए हैं। 19 अगस्त को भी 5.3 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र जुरम जिले में था।
इससे पहले 27 जून को 6.2 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के झटके अफगानिस्तान के साथ-साथ दिल्ली और उत्तर भारत के कई हिस्सों में महसूस किए गए थे। भारत के नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, इसका केंद्र अफगानिस्तान में 215 किलोमीटर की गहराई पर था। वहीं, अप्रैल में आए 5.9 तीव्रता के भूकंप के कारण काबुल प्रांत में एक घर ढह गया था, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई थी।
इनपुट: IANS



