गुजरात: 14 मिनट में 43 लाख के हीरे पार, पुलिस ने फिल्मी अंदाज़ में 7 घंटे में ट्रेन से दबोचा
गुजरात के बोटाद जिले में एक हीरा कारोबारी के दफ्तर से हुई 43 लाख रुपये से ज्यादा के हीरों की चोरी की गुत्थी पुलिस ने महज सात घंटों में सुलझा ली है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, बोटाद और…
गुजरात के बोटाद जिले में एक हीरा कारोबारी के दफ्तर से हुई 43 लाख रुपये से ज्यादा के हीरों की चोरी की गुत्थी पुलिस ने महज सात घंटों में सुलझा ली है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, बोटाद और अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस के एक संयुक्त ऑपरेशन में आरोपियों को ट्रेन से भागते समय गिरफ्तार कर लिया गया और चोरी हुए सभी हीरे बरामद कर लिए गए।
यह घटना रविवार, 16 अगस्त की दोपहर बोटाद के नीलम डायमंड मार्केट में हुई, जब ज्यादातर दुकानें बंद थीं। हीरा कारोबारी अशोकभाई कंकोटिया के कार्यालय में दोपहर 1:09 बजे से 1:23 बजे के बीच, यानी सिर्फ 14 मिनट के भीतर, चोरों ने दराज का ताला तोड़कर करीब 1,437 कैरेट तैयार हीरे चुरा लिए। इन हीरों की कुल कीमत 43.11 लाख रुपये आंकी गई थी।
भिखारी के भेष से ट्रेन तक का सफर
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक महिला भिखारी के वेश में दफ्तर के पिछले दरवाजे से अंदर जाती और थोड़ी देर बाद एक पैकेट के साथ बाहर निकलती दिखी। पुलिस ने इस महिला द्वारा इस्तेमाल किए गए ऑटो-रिक्शा को ट्रैक किया, जिसके चालक ने उसे खोडियारनगर इलाके में छोड़ने की जानकारी दी।
जब पुलिस वहां पहुंची तो संदिग्धों का घर बंद मिला। पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला कि दो महिलाएं, दो पुरुष और एक बच्चा शाम करीब 4:31 बजे बोटाद रेलवे स्टेशन गए थे। रेलवे स्टेशन की फुटेज में वे बोटाद-अहमदाबाद लोकल ट्रेन में सवार होते दिखे।
पुलिस ने यूं बिछाया जाल
जैसे ही पता चला कि आरोपी जिला छोड़ चुके हैं, बोटाद पुलिस ने तुरंत अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस से संपर्क साधा। रेलवे की तकनीकी मदद से ट्रेन की लोकेशन को ट्रैक किया गया और आरोपियों की तस्वीरें और हुलिया व्हाट्सएप के जरिए साझा किया गया। इसके बाद बावला रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर दी गई।
शाम करीब 8:30 बजे जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर रुकी, पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक महिला के बैग में कपड़ों के नीचे छिपाए गए चमड़े के बटुए से 1,885.75 कैरेट हीरे बरामद हुए। शिकायतकर्ता ने इनमें से 1,437 कैरेट हीरों की पहचान अपने चोरी हुए माल के रूप में की, जिससे 100 प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित हुई।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान बाचूभाई सदमिया (55), विनाभाई धीरूभाई उर्फ धारूभाई चौहान और सपनाबेन (31) के रूप में हुई है। सीसीटीवी में भिखारी के वेश में दिखी महिला सपनाबेन ही थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4,180 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त की गई कुल संपत्ति का मूल्य 43.17 लाख रुपये आंका गया है।
इनपुट: IANS



