चंबा बस हादसा: ड्राइवर-कंडक्टर समेत 7 की मौत, खाई में गिरी बस में 18 लोग थे सवार
हिमाचल प्रदेश का चंबा जिला एक और बड़े सड़क हादसे का गवाह बना है। शनिवार सुबह एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी, जिसमें ड्राइवर और कंडक्टर सहित सात लोगों की मौत हो गई। समाचार…
हिमाचल प्रदेश का चंबा जिला एक और बड़े सड़क हादसे का गवाह बना है। शनिवार सुबह एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी, जिसमें ड्राइवर और कंडक्टर सहित सात लोगों की मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस दुर्घटना में 11 अन्य यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह दर्दनाक घटना तीसा-बैरागढ़ मुख्य मार्ग पर देवीकोठी के पास चालुज मोड़ पर सुबह के वक्त हुई। बताया जा रहा है कि निजी बस सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए निकली थी। रवाना होने के कुछ ही देर बाद, लगभग तीन किलोमीटर का सफर तय करते ही बस पर से चालक का नियंत्रण खो गया और वह सड़क से फिसलकर नीचे जा गिरी। बस में कुल 18 लोग सवार थे।
राहत और बचाव कार्य
हादसे के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोग और राहगीर जमा हो गए, जिन्होंने फौरन बचाव कार्य शुरू किया। कुछ यात्री बस के नीचे दब गए थे, जिन्हें निकालने के प्रयास किए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चंबा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने 7 लोगों के मरने और 11 के घायल होने की पुष्टि की है।
जिले में हादसों का सिलसिला जारी
यह हादसा चंबा में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं की कड़ी में एक और इजाफा है। गौरतलब है कि पिछले दो महीनों के दौरान जिले में हुए विभिन्न बड़े सड़क हादसों में 25 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। कुछ समय पहले ही चंबा सीमा के पास भूस्खलन की वजह से एक टाटा सूमो के चपेट में आने से 13 लोगों की मृत्यु हो गई थी। इसके अलावा, 28 जुलाई को भी पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक वाहन के खाई में गिरने से एक बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हुई थी।
इनपुट: IANS



