गुजरात: मानसून का रौद्र रूप, अहमदाबाद समेत कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी
गुजरात में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिसके चलते कई जिलों में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मौसम विभाग ने 31 जुलाई के लिए अहमदाबाद सहित दक्षिण…
गुजरात में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिसके चलते कई जिलों में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मौसम विभाग ने 31 जुलाई के लिए अहमदाबाद सहित दक्षिण गुजरात के कई हिस्सों में रेड अलर्ट घोषित किया है। विभाग ने इस दौरान कुछ इलाकों में असामान्य वर्षा की भी आशंका जताई है।
मौसम विभाग के निदेशक अशोक कुमार दास ने बताया कि अगले एक सप्ताह तक राज्य में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। हालांकि, 30 जुलाई से 2 अगस्त के बीच स्थिति गंभीर हो सकती है, जिसके लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। उन्होंने बताया कि यह स्थिति डिप डिप्रेशन, मानसून ट्रफ, शियर जोन, वेस्टर्न डिस्टर्बन्स और ऑफशोर ट्रफ के एक साथ सक्रिय होने के कारण बनी है।
किन जिलों में है सबसे ज्यादा खतरा?
31 जुलाई: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस दिन सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। अहमदाबाद, बोटाद, जामनगर, आनंद, वडोदरा, छोटाउदेपुर, भरूच, सूरत, तापी, डांग, नवसारी, वलसाड, दमण और दादर नगर हवेली में अत्यंत भारी बारिश का अनुमान है। विशेष रूप से नर्मदा जिले में 12 इंच तक और अहमदाबाद में 8 इंच तक बारिश हो सकती है।
1 अगस्त: इस दिन भी अहमदाबाद और आनंद में अत्यंत भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी। इसके अलावा, पाटन, वाव, थराद और बनासकांठा इलाके के साथ-साथ महेसाणा, साबरकांठा और अरवल्ली में भी भारी बारिश का अनुमान है।
ऑरेंज अलर्ट और मछुआरों के लिए सलाह
कई अन्य जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। इनमें सुरेंद्रनगर, राजकोट, अमरेली, गांधीनगर, खेड़ा, पंचमहल और दाहोद शामिल हैं, जहाँ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, कच्छ, मोरबी और महेसाणा समेत अन्य जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए विभाग ने अगले दो दिनों तक मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी है।
इनपुट: IANS



