वडोदरा ड्रग फैक्ट्री मामला: मास्टरमाइंड सलीम डोला तुर्की से गिरफ्तार कर भारत लाया गया
गुजरात के वडोदरा स्थित सिंधरोट में एक ड्रग्स फैक्ट्री के भंडाफोड़ के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने इस मामले के मास्टरमाइंड बताए जा रहे अंतरराष्ट्रीय ड्रग माफिया…
गुजरात के वडोदरा स्थित सिंधरोट में एक ड्रग्स फैक्ट्री के भंडाफोड़ के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने इस मामले के मास्टरमाइंड बताए जा रहे अंतरराष्ट्रीय ड्रग माफिया सलीम इस्माइल डोला को गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, डोला को तुर्की से प्रत्यर्पित कराकर अहमदाबाद लाया गया है।
यह मामला दिसंबर 2022 का है, जब ATS ने वडोदरा के पास सिंधरोट गांव में एक फैक्ट्री पर छापा मारा था। इस कार्रवाई में 87.728 किलोग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई थी, जिसकी कीमत लगभग 438 करोड़ रुपये आंकी गई थी। इस केस में पहले ही 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और वे सभी फिलहाल जेल में हैं।
रेड कॉर्नर नोटिस के बाद तुर्की में पकड़ा गया
जांच के दौरान सलीम इस्माइल डोला का नाम मुख्य साजिशकर्ता के रूप में सामने आया था। इसके बाद उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था, जिसके तहत उसे किसी भी देश में यात्रा करने पर गिरफ्तार किया जा सकता था। भारतीय एजेंसियों की मदद से उसे तुर्की में ट्रेस किया गया, जिसके बाद तुर्की सरकार ने उसे भारत को प्रत्यर्पित कर दिया।
आरोपी डोला पर देशभर में पहले से ही 8 अन्य नारकोटिक्स मामले दर्ज हैं। वह फेंटानिल जैसे केसों में भी पहले गिरफ्तार हो चुका था।
केमिकल सप्लाई से लेकर बिक्री तक की जिम्मेदारी
अधिकारियों के अनुसार, सिंधरोट ड्रग्स फैक्ट्री में डोला की भूमिका बेहद अहम थी। वह न केवल ड्रग्स बनाने के लिए केमिकल मुहैया कराता था, बल्कि तैयार माल की बिक्री और उसे ठिकाने लगाने का काम भी वही करता था। फिलहाल, गुजरात ATS ने डोला को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क की अन्य कड़ियों का भी पता लगाया जा सके।
इनपुट: IANS



