गुजरात: नाबालिग से यौन उत्पीड़न और ब्लैकमेल, तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर वसूले 46 लाख
गुजरात के वलसाड जिले में एक नाबालिग लड़की से यौन उत्पीड़न और फिर उसकी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर 46 लाख रुपये से ज्यादा की वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार…
गुजरात के वलसाड जिले में एक नाबालिग लड़की से यौन उत्पीड़न और फिर उसकी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर 46 लाख रुपये से ज्यादा की वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में 21 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पीड़िता से लाखों के नकद और सोने के गहने ऐंठने का आरोप है।
पीड़िता के परिवार ने 19 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके लगभग 10 दिन बाद 29 अक्टूबर को आरोपी ध्रुविल पटेल को गिरफ्तार किया जा सका। ध्रुविल वलसाड के शंकरतालाव मंदिर फलिया का रहने वाला है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ध्रुविल पटेल 31 अगस्त और 26 सितंबर को नाबालिग को बहला-फुसलाकर वलसाड के तिथल रोड स्थित होटल आमंत्रण ले गया था। अधिकारियों ने बताया कि वहां उसने लड़की की इच्छा के विरुद्ध उसका यौन उत्पीड़न किया और तस्वीरें खींच लीं।
इसके बाद, आरोपी ने इन्हीं तस्वीरों को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने और पीड़िता को बदनाम करने की धमकी देना शुरू कर दिया। उसने लड़की को डरा-धमकाकर अपने ही घर से पैसे और कीमती सामान लाने के लिए मजबूर किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अलग-अलग मौकों पर कुल 2.61 लाख रुपये नकद और लगभग 43.48 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण (करीब 32.4 तोला) वसूले।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
मामला दर्ज होने के बाद डूंगरी पुलिस निरीक्षक यू. एच. पटेल के नेतृत्व में एक टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने 29 अक्टूबर को ध्रुविल पटेल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान जांचकर्ताओं ने आरोपी के पास से 19.54 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण (करीब 15.33 तोला) बरामद किए हैं। इसके अलावा 5,000 रुपये नकद, एक 5,000 रुपये का मोबाइल फोन, एक सिम कार्ड और एक डायरी भी जब्त की गई है। बरामद की गई संपत्ति का कुल मूल्य 19.64 लाख रुपये आंका गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



