छात्रों पर कार्रवाई: मल्लिकार्जुन खड़गे ने की पीएम से माफी की मांग, बोले- गृह मंत्री संसद में जवाब दें
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने जंतर-मंतर के पास छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने…
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने जंतर-मंतर के पास छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने प्रधानमंत्री से माफी की मांग की और कहा कि गृह मंत्री अमित शाह को इस मुद्दे पर संसद में आकर बयान देना चाहिए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, खड़गे ने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ अन्याय और अत्याचार हुआ है।
संसद में गतिरोध की वजह गृह मंत्री: खड़गे
खड़गे ने कहा कि पूरा विपक्ष पिछले 15 दिनों से सदन में गृह मंत्री के बयान की मांग कर रहा है, लेकिन वे नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा, "इनको सदन में आकर जवाब देने में क्या मजबूरी है?" खड़गे ने इसके दो संभावित कारण बताए, "एक तो ये सोच रहे हैं कि इस मुद्दे को नजरअंदाज कर दिया जाए। दूसरा, ये डर गए हैं।" उन्होंने जोर देकर कहा कि संसद नहीं चल पाने की जिम्मेदारी सिर्फ गृह मंत्री की है, सांसदों की नहीं।
'शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे छात्र'
छात्रों के प्रदर्शन का बचाव करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वे शांतिपूर्वक अपनी बात रख रहे थे। उन्होंने सवाल किया, "क्या उन्होंने 20-50 सरकारी गाड़ियां तोड़ीं? क्या किसी नेता को रोका और सवाल पूछा?" खड़गे ने आरोप लगाया कि छात्रों को हटाने के लिए गलत तरीके अपनाए गए। उन्होंने कहा, "पैलेट गन, आंसू गैस, लाठी, इलेक्ट्रिक बैटन, कील वाली लाठी- सब कुछ छात्रों पर चलाया गया।"
छात्रों के साथ खड़े रहेंगे: विपक्ष
मल्लिकार्जुन खड़गे ने स्पष्ट किया कि विपक्ष छात्रों के अधिकारों के लिए लड़ता रहेगा। उन्होंने कहा, "जो दुख आपने विद्यार्थियों को पहुंचाया है, जो उनके माता-पिता तक पहुंचा है, उसके लिए हम आपकी हाजिरी सदन में चाहते हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि चाहे झारखंड, पंजाब या दिल्ली हो, कांग्रेस और विपक्ष छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।
इनपुट: IANS



