ग्रेटर नोएडा: STP टैंक में सफाईकर्मी को बचाने उतरे गार्ड की भी मौत, सोसाइटी में हुआ दर्दनाक हादसा
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक सिक्योरिटी गार्ड ने अपनी जान पर खेलकर सफाईकर्मी को बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों की ही मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS से मिली…
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक सिक्योरिटी गार्ड ने अपनी जान पर खेलकर सफाईकर्मी को बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों की ही मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के सेक्टर-150 स्थित एल्डिको सोसाइटी में देर रात घटी, जब एक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) टैंक की सफाई चल रही थी।
पुलिस ने बताया कि सफाई कर्मचारी शशिकांत शर्मा टैंक की सफाई के लिए नीचे उतरे थे, लेकिन कुछ देर बाद वह बेहोश हो गए। उन्हें बेहोश देखकर सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड आकाश उन्हें बचाने के लिए टैंक में उतर गए, लेकिन दुर्भाग्य से वह भी बेहोश हो गए।
बचाव कार्य और पुलिस की कार्रवाई
इस घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची टीम ने दोनों को टैंक से बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने शशिकांत शर्मा और आकाश, दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।
नॉलेज पार्क क्षेत्र में एक और हादसा
यह घटना नॉलेज पार्क इलाके में हाल ही में हुई एक और दुखद घटना की याद दिलाती है। कुछ समय पहले, कला धाम सोसाइटी में बोरवेल के लिए खोदे गए लगभग 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरने से छह साल के बच्चे अव्यान सूर्य की मौत हो गई थी। बारिश के कारण यह गड्ढा पानी से भर गया था और खेलते समय अव्यान उसमें गिर गया था। मृतक बच्चा केंद्रीय विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल सिवान यादव का बेटा था। इस मामले में पुलिस ने लापरवाही के आरोप में कॉन्ट्रैक्टर को गिरफ्तार कर लिया था और ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने कॉन्ट्रैक्टर समेत दो साइट सुपरवाइजरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए उनकी सेवाएं समाप्त कर दी थीं।
इनपुट: IANS



