मुंबई ड्रग्स केस के तार ग्रेटर नोएडा से जुड़े, फ्लैट से 5.4 करोड़ की मेथामफेटामाइन बरामद, दो नाइजीरियाई महिलाएँ गिरफ्तार
मुंबई में ड्रग्स तस्करी के एक मामले की जांच कर रही एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) की टीम ग्रेटर नोएडा तक पहुंच गई है। यहां स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर की गई एक संयुक्त कार्रवाई में एक फ्लैट से 5.40 करोड़…
मुंबई में ड्रग्स तस्करी के एक मामले की जांच कर रही एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) की टीम ग्रेटर नोएडा तक पहुंच गई है। यहां स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर की गई एक संयुक्त कार्रवाई में एक फ्लैट से 5.40 करोड़ रुपये की मेथामफेटामाइन जब्त की गई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस मामले में दो नाइजीरियाई महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जो कथित तौर पर इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का हिस्सा हैं।
यह कार्रवाई ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र में स्थित ओमिक्रॉन सेक्टर के एक फ्लैट में की गई। गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान 32 वर्षीय डेबायो अबोसेडे ओमोवुमी और 33 वर्षीय एंजल ओसास जुलिक्ट के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि ये दोनों करीब दो महीने से इस फ्लैट में रह रही थीं। हालांकि, जिस महिला के नाम पर यह फ्लैट किराए पर लिया गया था, वह फिलहाल फरार है और मुंबई एटीएस उसकी तलाश कर रही है।
मुंबई से ग्रेटर नोएडा तक पहुंची जांच की आंच
जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस ऑपरेशन की नींव मुंबई में रखी गई थी। वहां बांद्रा ईस्ट इलाके में एटीएस ने छापेमारी कर करीब 4 करोड़ रुपये मूल्य की 2,050 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद की थी। उस मामले में हुई पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर ही एटीएस की एक टीम ग्रेटर नोएडा पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से ओमिक्रॉन सेक्टर के इस फ्लैट की पहचान की गई और छापेमारी को अंजाम दिया गया।
ड्रग्स के साथ कच्चा माल भी बरामद
फ्लैट की तलाशी के दौरान अधिकारियों को 2,688 ग्राम मेथामफेटामाइन के साथ-साथ ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल (रॉ मैटेरियल) भी मिला है। इसके बाद जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुट गई हैं कि क्या इसी फ्लैट में ड्रग्स तैयार की जाती थी या फिर कहीं और से लाकर यहां स्टोर की जाती थी। पुलिस ने संबंधित स्थान को सील कर दिया है और बरामद सामग्री को आगे की जांच के लिए भेजा जा रहा है।
एटीएस और पुलिस अब दोनों महिलाओं के मोबाइल फोन की जांच कर रहे हैं, ताकि उनके संपर्क, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल सबूतों के जरिए इस ड्रग सप्लाई नेटवर्क से जुड़े और लोगों तक पहुंचा जा सके। पूछताछ पूरी होने के बाद दोनों गिरफ्तार महिलाओं को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाया गया है, जहां उनसे आगे की जांच की जाएगी।
इनपुट: IANS



