संसद घेराव में छात्रों पर बल प्रयोग: कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 20 जुलाई को संसद का घेराव कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगा है। उन्होंने सवाल किया है कि किसके आदेश…
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 20 जुलाई को संसद का घेराव कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगा है। उन्होंने सवाल किया है कि किसके आदेश पर पुलिस ने छात्रों पर बल प्रयोग किया। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, खड़गे ने सोमवार को एक प्रेस वार्ता में यह मांग उठाई।
खड़गे ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने छात्रों और युवाओं पर लाठीचार्ज करने के अलावा आंसू गैस के गोले छोड़े और पैलेट गन व इलेक्ट्रिक शॉक बैटन का भी इस्तेमाल किया। उन्होंने इसे 'बर्बरता' और 'क्रूरता' बताते हुए कहा कि विपक्ष लगातार सदन में इस मुद्दे को उठा रहा है, लेकिन गृह मंत्री ने पिछले 15 दिनों में कोई जवाब नहीं दिया है।
विपक्ष की प्रमुख मांगें
कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार के सामने विपक्ष की मांगों को स्पष्ट करते हुए कहा, "हमारी पहली मांग है कि केंद्रीय गृह मंत्री आकर बताएं कि छात्रों पर पैलेट गन, आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल क्यों किया गया।" उन्होंने कहा कि सरकार मानसून सत्र में नीट पेपर लीक और दिल्ली पुलिस की छात्रों पर कार्रवाई जैसे मुद्दों पर चर्चा से बच रही है।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मुद्दा
खड़गे ने राम मंदिर के चढ़ावे में हुई कथित चोरी का मुद्दा भी उठाया और इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने कहा कि विपक्ष की दूसरी मांग यह है कि ट्रस्टियों ने राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी की, ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी खुद इस बारे में जानकारी दें। खड़गे ने कहा कि चूंकि प्रधानमंत्री ने ही ट्रस्ट की स्थापना की और उसके सदस्य चुने थे, इसलिए इस मामले में शामिल लोगों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस विषय पर भी प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने चुप्पी साध रखी है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि राहुल गांधी इन सभी मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं और हर जगह पहुंचकर अपना वक्तव्य दिया है।
इनपुट: IANS



