गोंडा: पुलिस टीम पर फरसे और पत्थरों से हमला, माफी मांगते वीडियो के साथ दो सगे भाई गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पुलिस गश्ती दल पर हमला करने के आरोप में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह गिरफ्तारी सोमवार तड़के करीब चार बजे हुई…
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पुलिस गश्ती दल पर हमला करने के आरोप में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह गिरफ्तारी सोमवार तड़के करीब चार बजे हुई। आरोपियों की पहचान छिरास गांव के रहने वाले गिरवर दयाल उर्फ नागा और शिवदयाल उर्फ सचिन उर्फ ददऊ के रूप में हुई है।
यह घटना करीब एक महीने पहले 6 और 7 अगस्त की दरमियानी रात को कौड़िया थाना क्षेत्र में घटी थी। उस रात छिरास गांव में गश्त कर रही पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीवीआर) पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया था। सूचना मिलने पर जब कौड़िया थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, तो दोनों भाइयों ने उन पर भी ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
पुलिस पर फरसे से भी किया वार
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पत्थरों के अलावा फरसे से भी पुलिस टीम पर हमला करने का प्रयास किया था। इस अचानक हुए हमले में कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं, जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
गिरफ्तारी के बाद मांगी माफी
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस से माफी मांग रहे हैं। वीडियो में वे कहते सुनाई दे रहे हैं, “हमसे गलती हुई है। हमने पुलिस वालों पर ईंट, पत्थर और फरसा चलाया है। हमसे गलती हो गई, आगे से गलती नहीं होगी। हम क्षमा चाहते हैं।” पुलिस ने बताया कि दोनों भाइयों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस मामले पर सीओ करनैलगंज आनंद राय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी और कार्रवाई करते हुए दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इनपुट: IANS



