गाजियाबाद: तेज रफ्तार थार ने पुलिस वैन को मारी टक्कर, ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड की मौत
गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में एक तेज रफ्तार थार जीप ने पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल (पीआरवी) में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड की मौत हो गई और एक कांस्टेबल गंभीर रूप से…
गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में एक तेज रफ्तार थार जीप ने पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल (पीआरवी) में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड की मौत हो गई और एक कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने आरोपी थार चालक को गिरफ्तार कर लिया है और वाहन को भी जब्त कर लिया है।
यह घटना 12 अगस्त 2026 की रात करीब 11:15 बजे हुई। पीआरवी संख्या 9619 को गौतमबुद्ध नगर के गौर सिटी-2 से एक कॉल आई थी, जिस पर पुलिसकर्मी मौके के लिए रवाना हुए थे। जब वे क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी एक लाल रंग की अनियंत्रित थार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
ड्यूटी के दौरान हादसा
टक्कर इतनी भीषण थी कि पीआरवी में मौजूद होमगार्ड कपिल कुमार और कांस्टेबल प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान होमगार्ड कपिल कुमार ने दम तोड़ दिया, जबकि कांस्टेबल प्रवीण का इलाज अभी भी चल रहा है।
पुलिस की कार्रवाई
वेव सिटी की सहायक पुलिस आयुक्त प्रियाश्री पाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि होमगार्ड कपिल कुमार की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। उन्होंने कहा, "दूसरे घायल पुलिसकर्मी का इलाज चल रहा है। आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।" क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इनपुट: IANS



