Ganesh Chaturthi 2021 : हर्षोल्लास से मनाया जा रहा पर्व, जानें बिरला-मिश्र-गहलोत-राजे के शुभकामना संदेश

65

Ganesh Chaturthi 2021 : हर्षोल्लास से मनाया जा रहा पर्व, जानें बिरला-मिश्र-गहलोत-राजे के शुभकामना संदेश

गणेश चतुर्थी पर्व आज, देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा पर्व, विशिष्ट नागरिकों ने दी पावन पर्व की शुभकामनाएं

 

जयपुर।

गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और विधानसभा अध्यक्ष डॉ सीपी जोशी सहित कई गणमान्य नागरिकों ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

 

नई ऊर्जा-चेतना परिपूर्ण हो जीवन: बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गणेश चतुर्थी के पावन पर्व की देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि विघ्नहर्ता-मंगलकर्ता गणेश जी महाराज से प्रार्थना है कि सभी के जीवन को नई ऊर्जा और चेतना से परिपूर्ण करें।

सकारात्मक ऊर्जा, सुख, समृद्धि की कामना: मिश्र
राज्यपाल कलराज मिश्र ने गणेश चतुर्थी पर जारी अपने संदेश में कहा कि प्रथम पूज्य भगवान गणेश विघ्न हर्ता और मंगलकारी हैं। उन्होंने भगवान गणेश से सभी को सकारात्मक ऊर्जा, सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करने की कामना की है। वहीं राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से कोरोना महामारी से बचाव के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल और सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आज का पर्व मनाने की अपील भी की है।

 

सभी बाधाएं दूर हों: गहलोत
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी पर शुभकामनाएं दी हैं। गहलोत ने अपने संदेश में कहा कि विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता भगवान गणपति सृजनात्मक कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। कोई भी नया काम शुरू करने से पहले गणेश जी की आराधना से आगे आने वाली बाधाएं दूर होती हैं। इस पावन पर्व पर मैं देश एवं प्रदेश में शांति, सद्भाव और समृद्धि की कामना करता हूं।

 

मुख्यमंत्री ने भी प्रदेशवासियों से अपील की कि वे कोविड संक्रमण से बचाव को ध्यान में रखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग एवं कोविड प्रोटोकॉल की पालना करें और परिवार के साथ हर्षोल्लासपूर्वक त्योहार मनाएं।

 

कोविड गाइडलाइन का पालन करें : जोशी
विधानसभा अध्यक्ष डॉ सीपी जोशी ने गणेश चतुर्थी पर्व पर प्रदेशवासियों के लिए सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कोरोना महामारी के लिए जारी गाइड लाइन की पालना करते हुए गणेश चतुर्थी पर्व को हर्षोल्लास से मनाने की अपील भी।

 

जीवन को ढेर सारी खुशियों से भर दें गजानन: राजे
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी गणेश चतुर्थी के मांगलिक पर्व की सभी को शुभकामनाएं दी। एक संदेश में राजे ने भगवान् गणेश से कामना करते हुए कहा कि गजानन महाराज सभी के जीवन को ढेर सारी खुशियों से भर दें तथा देश में सुख-समृद्धि का संचार करें।



राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Rajasthan News