दिशा सालियान मौत: पिता ने की थी CBI जांच की मांग, बॉम्बे हाईकोर्ट आज सुनाएगा फैसला
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में दायर एक महत्वपूर्ण याचिका पर बॉम्बे हाईकोर्ट बुधवार को अपना फैसला सुनाएगा। दिशा के पिता सतीश सालियान ने अपनी बेटी की…
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में दायर एक महत्वपूर्ण याचिका पर बॉम्बे हाईकोर्ट बुधवार को अपना फैसला सुनाएगा। दिशा के पिता सतीश सालियान ने अपनी बेटी की मौत को हत्या बताते हुए मामले में FIR दर्ज करने और CBI से जांच कराने की मांग की है, जिस पर अदालत आज अपना आदेश जारी करेगी।
समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, अदालत में इस मामले पर सुनवाई 28 अगस्त को ही पूरी हो गई थी, जिसके बाद फैसले को सुरक्षित रख लिया गया था। अब बुधवार सुबह 11 बजे इस पर फैसला सुनाया जाना तय है। यह पूरा मामला दिशा के पिता सतीश सालियान की उस याचिका से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने गंभीर आरोप लगाए हैं।
पिता ने लगाए हत्या और बलात्कार के आरोप
सतीश सालियान ने अपनी याचिका में दावा किया है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसके साथ बलात्कार कर उसकी हत्या की गई थी। इसी आधार पर उन्होंने अदालत से गुहार लगाई है कि इस मामले में FIR दर्ज की जाए और एक निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो। उन्होंने जांच के लिए CBI या NIA जैसी किसी केंद्रीय एजेंसी की मांग की है।
पुलिस ने माना था आत्महत्या का मामला
गौरतलब है कि 8 जून 2020 को दिशा सालियान की मुंबई के मलाड स्थित एक इमारत की 14वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। शुरुआती जांच के बाद मुंबई पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला मानते हुए एक एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की थी। हालांकि, दिशा का परिवार पुलिस के इस निष्कर्ष से कभी सहमत नहीं हुआ। अब सभी की निगाहें बॉम्बे हाईकोर्ट के फैसले पर टिकी हैं कि क्या अदालत इस मामले में नए सिरे से जांच का आदेश देगी।
इनपुट: IANS



