जर्मनी: ऑग्सबर्ग रेलवे स्टेशन के पास जोरदार धमाका, संदिग्ध वस्तु मिलने से हड़कंप
जर्मनी के ऑग्सबर्ग शहर में स्थित प्रमुख रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार तड़के एक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में दो किशोर मामूली रूप से घायल हो गए और पास की एक इमारत को भी…
जर्मनी के ऑग्सबर्ग शहर में स्थित प्रमुख रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार तड़के एक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में दो किशोर मामूली रूप से घायल हो गए और पास की एक इमारत को भी नुकसान पहुँचा। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, बाद में पुलिस को घटनास्थल पर एक और संदिग्ध वस्तु मिली, जिसके चलते स्टेशन पर ट्रेन सेवाओं को कई घंटों तक रोकना पड़ा।
ऑग्सबर्ग म्यूनिख से लगभग 55 किलोमीटर पश्चिम में एक महत्वपूर्ण क्षेत्रीय परिवहन केंद्र है। धमाके की यह घटना तड़के 3:15 बजे स्टेशन के दूसरी तरफ बानहोफस्ट्रासे (स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क) पर एक इमारत के रास्ते में हुई। पुलिस के मुताबिक, विस्फोट की वजह से पास की इमारत की खिड़कियां टूट गईं।
पुलिस जांच और ट्रेन सेवा पर असर
विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस ने सुबह करीब 5 बजे कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध वस्तु मिली, जिसके बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई। मीडिया रिपोर्ट्स में इस वस्तु के हैंड ग्रेनेड होने का अंदेशा जताया गया है, हालांकि पुलिस ने इस पर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
राज्य आपराधिक पुलिस कार्यालय (LKA) की एक विशेषज्ञ टीम को बम निरोधक रोबोट के साथ मौके पर बुलाया गया। सुरक्षा कारणों से स्टेशन के कुछ हिस्सों को बंद कर दिया गया और ट्रेन सेवा को तत्काल निलंबित कर दिया गया। इस वजह से कुछ ट्रेनों को रद्द करना पड़ा और कुछ के समय में बदलाव किया गया। गहन तलाशी अभियान पूरा होने के बाद रेल सेवा को फिर से शुरू कर दिया गया, लेकिन सड़क के कुछ हिस्से बंद रखे गए।
दो किशोर मामूली रूप से घायल
स्थानीय मीडिया के अनुसार, इस धमाके में 17 और 18 साल के दो युवकों को मामूली चोटें आईं। उन्हें तेज आवाज के कारण अकॉस्टिक ट्रॉमा (कान पर असर) हुआ। जानकारी के मुताबिक, जिस जगह धमाका हुआ, उसके करीब ही एक तुर्की ज्वैलर की दुकान भी स्थित थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



