देवास शराब कांड: मंत्री विश्वास सारंग का आरोप- कांग्रेस प्रवक्ता के बेटे का है सीधा कनेक्शन
मध्य प्रदेश के देवास में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने शुक्रवार को कांग्रेस पर बड़ा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि इस कांड के…
मध्य प्रदेश के देवास में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने शुक्रवार को कांग्रेस पर बड़ा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि इस कांड के तार सीधे तौर पर पार्टी के एक प्रवक्ता के बेटे से जुड़े हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, सारंग ने दावा किया कि पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मामले के मुख्य आरोपियों ने कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे अमन कासलीवाल से ही थिनर खरीदा था।
भोपाल में संवाददाताओं से बात करते हुए सारंग ने कहा, "देवास कांड को लेकर हो रही पुलिस की जांच में दूध का दूध और पानी का पानी साफ हो गया है।" उन्होंने बताया कि मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी अज्जू राठौर और गोविंद ने खुद यह स्वीकार किया है कि उन्होंने थिनर का ड्रम अमन कासलीवाल से ही खरीदा था।
कांग्रेस पर संरक्षण देने का आरोप
मंत्री सारंग ने आरोप लगाया कि अमन कासलीवाल एक पूरा रैकेट चला रहे थे और वह खुद इसके सरगना थे। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामला सामने आए 24 घंटे से ज्यादा हो गए हैं, लेकिन पार्टी ने अब तक आनंद कासलीवाल के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। सारंग के अनुसार, "आज भी वो कांग्रेस के प्रवक्ता हैं और जीतू पटवारी के साथ घूम रहे हैं।"
विश्वास सारंग ने यह भी आरोप लगाया कि आनंद और अमन कासलीवाल कांग्रेस के धरना-प्रदर्शनों में टेंट, लाइट, माइक से लेकर पार्टी कार्यालय के बिजली बिल और कर्मचारियों के वेतन तक का खर्च उठाते थे। उन्होंने सवाल किया, "क्या वो पैसा जहरीली और नकली शराब के व्यापार से अर्जित किया जाता था? ये भी जांच का विषय है।"
प्रशासनिक कार्रवाई और घटना का ब्योरा
गौरतलब है कि देवास में पिछले करीब 20 दिनों के भीतर 13 लोगों की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया था, जिसका कारण कथित तौर पर जहरीली शराब का सेवन बताया गया। इस घटना के बाद राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देवास के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को पद से हटा दिया था। इसके अलावा कई अन्य कर्मचारियों को भी निलंबित किया गया है।
इनपुट: IANS



