दिल्ली: कालिंदी कुंज में पुलिस की चेकिंग से पकड़े गए दो शातिर अपराधी, 11 मामलों का खुलासा
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में पुलिस ने दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक कुख्यात 'माया गैंग' का सदस्य बताया जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक…
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में पुलिस ने दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक कुख्यात 'माया गैंग' का सदस्य बताया जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन गिरफ्तारियों से चोरी, झपटमारी और मकोका समेत कुल 11 आपराधिक मामलों के सुलझने का दावा किया गया है।
यह घटना रविवार रात करीब 9 बजे की है, जब कालिंदी कुंज थाने के पुलिसकर्मी इलाके में गश्त कर रहे थे। उन्होंने एक मोटरसाइकिल पर दो लोगों को संदिग्ध रूप से जाते हुए देखा। पुलिस के रुकने का इशारा करने पर दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई और वे गिर पड़े। मौके पर मौजूद सतर्क पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत दबोच लिया।
कौन हैं ये अपराधी?
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुमित बेनीवाल और उमर अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में पता चला कि दोनों अमर कॉलोनी थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं। आरोपी उमर अंसारी 'माया गैंग' का सदस्य है और उस पर पहले से चोरी, झपटमारी और सेंधमारी जैसे 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के एक मामले में भी वांछित था।
वहीं, दूसरा आरोपी सुमित बेनीवाल भी एक शातिर चोर और झपटमार है, जो पहले भी 18 गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने आरोपियों की तलाशी के दौरान सुमित बेनीवाल के पास से एक बटन वाला अवैध चाकू और उमर अंसारी के पास से एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल और सुमित से मिला एक अन्य मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है। दोनों के खिलाफ कालिंदी कुंज थाने में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इनपुट: IANS



